सहारनपुर। जम्मू कश्मीर में अनुसूचित जाति के आरक्षण में बदलाव नहीं होने देने की मांग को लेकर अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट एपी सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे देश का गुर्जर समाज जम्मू कश्मीर के गुर्जर बकरवाल समाज के साथ है।
सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री नीरज चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष राहुल गुर्जर ने आरोप लगाया कि सरकार जम्मू कश्मीर के अनुसूचित जनजाति के आरक्षण में छेड़छाड़ कर रही है। आरोप लगाया कि कुछ अगड़ी जातियों को एसटी में शामिल किया जा रहा है। जम्मू कश्मीर के गुर्जर बकरवाल समाज के अनुसूचित जाति के आरक्षण में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने आरक्षण को लेकर जीडी शर्मा आयोग का गठन किया था। जिसने अपनी एकतरफा रिपोर्ट में पहाड़ी भाषा बोलने वाले लोगों को बिना किसी सर्वे और पक्षकारों के पक्ष को सुने बिना अपना फैसला दे दिया। जिलाध्यक्ष नीरज गुर्जर और महानगर अध्यक्ष अजय खटाना ने कहा कि देश में गुर्जर एक ऐसी बिरादरी है जो हिंदू, मुस्लिम, सिख और जैन आदि धर्म को मनाने वाली है। इस दौरान प्रदेश महासचिव रोहित गुर्जर एवं सुशील चौधरी, प्रदेश मंत्री सन्नी देव चौधरी, राकेश कुमार, संजय खटाना, रविन्द्र चौधरी, दीपक चौधरी आदि मौजूद रहे।