सहारनपुर। महानगर के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वर्णजीत बच्चों के साथ ही पर्यावरण की भी सेहत सुधार रहे हैं। जब भी कोई बच्चा पैदा होता है और परिजन उनके यहां उपचार के लिए लाते हैं तो वह इलाज के बाद परिजनों को पौधा सौंपते हैैं। इसके साथ ही पौधे की देखभाल भी बच्चे की तरह करने की सलाह देते हैं, साथ ही कहते हैं जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होगा, वैसे-वैसे पौध बड़ा होकर पेड़ का रूप लेगा।
इसी तरह डॉ. स्वर्ण जीत सिंह डेढ़ दशक में हजारों पौधे वितरित कर चुके हैं। मूल रूप से गांव बिहारीगढ़ निवासी डॉ. स्वर्णजीत सिंह एमबीबीएस व एमडी बाल रोग विशेषज्ञ हैं। उनका लिंक रोड पर वरदान चिल्ड्रेन अस्पताल और क्लीनिक है। स्वर्णजीत सिंह रोजाना 100 से अधिक बच्चों का उपचार करते हैं। वह बताते हैं कि उनके यहां जो व्यक्ति नवजात को उपचार के लिए आता है, बच्चे के स्वस्थ होने पर उसको वह एक पौधा भी देते हैं। इतना ही नहीं, सप्ताह में शुक्रवार और मंगलवार की शाम को वह किसी भी बच्चे के परिजन से परामर्श शुल्क भी नहीं लेते हैं।