सहारनपुर। डीएवी पब्लिक स्कूल रसूलपुर में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान, गणित, विकास, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए गए। नोएडा से आए मेहमानों के साथ ही शिक्षकों और अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों के प्रयास को सराहा।
प्रदर्शनी का उद्घाटन नोएडा से आए मुख्य अतिथि आईटी भाटिया, गीतू सब्बरवाल और संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गान से मेहमानों का अभिवादन किया। विद्यार्थियों ने नृत्य प्रस्तुतियों से मेहमानों का मन मोह लिया। हिंदी विभाग के विद्यार्थियों द्वारा राम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन किया। साथ ही देश के अलग अलग राज्यों की भाषाई अनेकता में एकता का संदेश भी देने का प्रयास किया। अंग्रेजी विभाग के विद्यार्थियों ने शेक्सपीयर के प्रसिद्ध नाटक मर्चेंट ऑफ वेनिस का मंचन किया। साथ ही प्लास्टिक पर प्रतिबंध पर वाद विवाद प्रतियोगिता भी कराई गई। विद्यालय के प्रथम तल और द्वितीय तल पर आयोजित प्रदर्शनी में अलग अलग विषयों के 150 से अधिक मॉडल प्रस्तुत किए गए। मेहमानों, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने उन्हें अपने मॉडल्स के विषय में जानकारी दी। अंत में प्रधानाचार्य जगदीश सिंह ने मेहमानों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिलता है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन कराने का प्रयास रहेगा।