सहारनपुर/ सरसावा/ नकुड़/गागलहेड़ी। अयोध्या मामले को लेकर आ रहे फैसले के बीच यूपी-हरियाणा और उत्तराखंड के बार्डर पर पुलिस मुस्तैद है। पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है। यूपी पुलिस ने वाहनों की जबरदस्त चेकिंग की।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद पुलिस और अलर्ट मोड़ में आ गई है। सहारनपुर जनपद के हरिद्वार उत्तराखंड जाने वाले यूपी के गागलहेड़ी बार्डर, देहरादून जाने वाले बिहारीगढ़ बार्डर और हरियाणा जाने वाले सरसावा से लगते बार्डर पर जबरदस्त चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। फैसले से पहले पुलिस प्रशासन सुबह से ही चौकन्ना रहा। सरसावा, नकुड़, बिहारीगढ़, छुटमलपुर सहित अन्य कस्बे के मिली जुली आबादी और बाजारों में पुलिस पैदल गश्त करते हुए लोगों से शांति बनाये रखने की अपील करते दिखाई दी। इसके साथ ही 100 डायल व चीता बाइक पुलिस भी बाजारों में घूमती रही। शुक्रवार को सुबह से ही नकुड़ कस्बे के पुराना बस अड्डे, बस अड्डे, तहसील चौक, होली चौक आदि मिलीजुली आबादी वाले एरिया में सेक्टर मजिस्ट्रेट योगेश मौर्य (ज्वाइंट कमिश्नर जीएसटी) के नेतृत्व में पुलिस मुस्तैदी के साथ डटी रही। कोतवाल सुशील सैनी के साथ सब सेक्टर मजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता पुलिस बल के साथ कस्बे के मुख्य बाजारों में लोगों से शांति व्यवस्था को कायम रखने के लिए सहयोग की अपील करते दिखाई दिए। शुक्रवार को प्रतिदिन की तरह बाजारों में दुकानें लगी हुई है। सरसावा में बार्डर पर पुलिस ने हरियाणा से आने-जाने वाले वाहनों की जबरदस्त चेकिंग की। गागलहेडी में भी उत्तराखंड बार्डर पर चेकिंग अभियान की शुरुआत की गई है।

सरसावा में क्क हरियाणा सीमा पर वाहनों की गहनता से चैकिंग करती सरसावा पुलिस- फोटो : SAHARANPUR