सहारनपुर। भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि कृषि कानूूूनों को लेकर कुछ किसान संगठन किसानों के बीच भ्रम फैला रहे हैँ। जबकि भारतीय किसान संघ इस मुद्दे पर लगातार भारत सरकार से वार्ता कर रहा है।
रविवार को भारतीय किसान संघ की जिला बैठक संघ कार्यालय मधुकर कुंज में हुई। अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि कुछ तथाकथित किसान संगठनों द्वारा कृषि कानूनों पर भ्रम जाल फैलाया गया है। जबकि भारतीय किसान संघ ने भारत सरकार से वार्ता कर अपने सुझाव दिए हैं। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की गारंटी, खरीदारों के पोर्टल पर पंजीकरण, कृषि न्यायालय स्थापित करने, कारपोरेट कंपनियों को किसान का दर्जा नहीं करने आदि प्रमुख हैं। प्रदेश संगठन मंत्री श्रीकांत दीक्षित ने कहा कि एक से 31 मार्च तक भारतीय किसान संघ का सदस्यता अभियान चलेगा। इसमें कार्यकर्ता किसानों के घर घर जाकर संगठन के अधिकतम सदस्य बनाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनपद का लक्ष्य एक लाख सदस्य बनाने का रखा है। इसमें प्रदेश संयोजक (गन्ना) श्यामवीर त्यागी, राकेश त्यागी, गौतम, मनीष, अनिल चौधरी, अमित राणा, दीपक चोरा, अरुण चौधरी, गीताराम, मुनेश त्यागी, राजपाल सिंह आदि रहे। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी ने की। संचालन जिला महामंत्री विक्रम सिंह पुंडीर ने किया