सहारनपुर: करनाल की राइस मिल में करंट लगने से युवक की मौत, पत्नी और चार बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के सांगाठेड़ा निवासी 29 वर्षीय शहजाद की हरियाणा के करनाल की राइस मिल में करंट लगने से मौत हो गई। परिवार में पत्नी और चार बेटियां हैं। ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता की मांग की है।
विस्तार
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा निवासी 29 वर्षीय शहजाद की हरियाणा के करनाल जिले की एक राइस मिल में काम करने के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, शहजाद कुछ दिन पहले ही रोजगार के लिए करनाल गया था। काम के दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रोजगार के लिए करनाल गया था शहजाद
ग्रामीणों के अनुसार शहजाद कुछ दिन पहले ही रोजगार की तलाश में करनाल गया था। वह वहां राइस मिल में काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
परिवार का इकलौता कमाने वाला था
शहजाद परिवार का एकमात्र कमाने वाला व्यक्ति था। उसके परिवार में पत्नी और चार बेटियां हैं। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों को बच्चों के पालन-पोषण और घर की जिम्मेदारियों को लेकर चिंता है।
बड़े भाई की भी करंट लगने से हुई थी मौत
शहजाद दो भाइयों में छोटा था। ग्रामीणों ने बताया कि उसके बड़े भाई अमजद की भी वर्ष 2012 में गांव में करंट लगने से मौत हो गई थी। एक ही परिवार में बिजली हादसे से दूसरी मौत होने से ग्रामीणों में भी दुख है।
ग्रामीणों ने बताया मिलनसार था युवक
ग्रामीण अख्तर चौधरी ने बताया कि शहजाद मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शहजाद के परिवार की स्थिति को देखते हुए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार के सामने आय का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।