Saharanpur: मामूली बात पर दो पक्षों में मारपीट, जमकर पथराव, संघर्ष में दो महिलाओं समेत छह घायल
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के बेहट में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। संघर्ष में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हुए हैं।
विस्तार
कस्बे की अहमद कॉलोनी में मंगलवार की देर शाम महकार (35) पुत्र अंसार अहमद व मोहम्मद अहमद उर्फ राहुल (34) पुत्र अलीहसन के बीच कार ठीक करने को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
आरोप है, कि मारपीट के बाद राहुल पक्ष ने महकार पक्ष पर छत से पथराव कर दिया, जिसमें महकार और उसके पक्ष के आमिर (20) व आकिल (24) पुत्रगण यूनुस, रिहाना (50) पत्नी युनूस निवासी मोहल्ला महाजनान कस्बा बेहट, आबदा (30) पत्नी महकार निवासी मोहल्ला अहमद कॉलोनी कस्बा बेहट घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष का मोहम्मद अहमद घायल हो गया। जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस उपचार के लिए सीएचसी ले गई।
महकार पक्ष का कहना है कि उन्होंने मोहम्मद अहमद को कार ठीक करने के लिए दी थी, जो उसने ठीक नहीं की। उन्होंने उसे कार ठीक करने के बारे में कहा तो उसने उन पर हमला कर दिया, जबकि मोहम्मद अहमद का कहना है कि उसने महकार पक्ष की कार ठीक कर दी थी। उसने उनसे अपनी मेहनत के पैसे मांगे तो उन्होंने उस पर हमला कर दिया।