Saharanpur: आईटीआई सिक्योरिटी गार्ड हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड आदित्य खटाना की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके पैर में गोली लगी है।
विस्तार
मेरठ के गंगोह थानाक्षेत्र में गांव इस्सापुर स्थित काबज सिंह औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं महाविद्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मी आदित्य खटाना की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
खेत में मिला था खून से लथपथ शव
घटना के बाद क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब 23 वर्षीय आदित्य खटाना का शव महाविद्यालय के पास स्थित खेत में खून से लथपथ हालत में मिला था। उसके शरीर पर धारदार हथियार के कई गहरे घाव पाए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार विशेष पुलिस दलों का गठन किया गया। ये दल लगातार आरोपी की तलाश में जुटे हुए थे।
सूचना मिलने पर घेराबंदी, मुठभेड़ में लगी गोली
क्षेत्राधिकारी अशोक सिसोदिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संदिग्ध युवक कुंडा-बिडौली मार्ग की ओर देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सामने से आता एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस दल पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पानी मांगने को लेकर हुआ था विवाद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शामली जनपद के चौसाना थाना क्षेत्र के गांव अमलापुर निवासी आशु के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह बड़ौत से लौट रहा था। रास्ते में प्यास लगने पर उसने महाविद्यालय परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मी आदित्य खटाना से पानी मांगा था।
इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से हमला कर आदित्य की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।