सहारनपुर: डकैती का खुलासा, मुर्गे बेचकर लौट रहे व्यापारी से 48 हजार की लूट, पांच आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर के फतेहपुर में व्यापारी से 48 हजार रुपये और मोबाइल लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और 35,500 रुपये समेत दो बाइक बरामद हुई हैं।
विस्तार
सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में व्यापारी से हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। छह सितंबर की आधी रात चमारी खेड़ा-मथाना मार्ग पर मुर्गे बेचकर लौट रहे व्यापारी और उसके साथियों से बदमाशों ने 48 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिए थे। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 35,500 रुपये, तीन मोबाइल, दो बाइक और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
दो बाइक पर सवार पांच आरोपी पकड़े
सीओ सदर विकास प्रताप चौहान ने बताया कि गागलहेड़ी निवासी अल्ताफ की तहरीर पर फतेहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। फतेहपुर पुलिस और स्वॉट टीम संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी दौरान बड़कला फ्लाईओवर से चमारी खेड़ा की ओर रजापुर कट के पास चेकिंग के दौरान दो बाइक पर सवार पांच संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की घटना स्वीकार की।
पांचों आरोपियों ने कबूली वारदात
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर और सनव्वर निवासी दानिश कॉलोनी रसूलपुर, थाना कोतवाली देहात, अनस निवासी छिपियान, थाना कोतवाली नगर, रिहान निवासी मांडेबास, गागलहेड़ी और प्रिंस निवासी बडूली, थाना नागल के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने छह सितंबर की रात व्यापारी और उसके साथियों से 48 हजार रुपये और मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 35,500 रुपये बरामद किए हैं।
कई और लूट की घटनाओं का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अन्य घटनाओं में भी शामिल होने की बात बताई। आरोपियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले लाखनौर पुल से स्कूटी सवार से मोबाइल लूटा था।
इसके अलावा करीब 20 दिन पहले भगवानपुर रोड पर बहेड़ी गुर्जर के जंगल में बाइक सवार से मोबाइल लूटने की बात भी स्वीकार की। आरोपियों ने कलियर रोड, इमलीखेड़ा, हरिद्वार में बाइक सवार से दो मोबाइल लूटने की वारदात भी कबूली है।
मजार से चोरी की थी बाइक
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद बाइक में से एक बाइक उन्होंने कलियर शरीफ की मजार, हरिद्वार से चोरी की थी। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके द्वारा बताई गई अन्य घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।
दो तमंचे और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 35,500 रुपये, तीन मोबाइल, दो बाइक के अलावा दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ डकैती और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।