UP: चेकिंग के दौरान कार में पकड़े गए 5.50 लाख, नगदी के चुनाव में इस्तेमाल होने की आशंका, जांच में जुटे अफसर
Saharanpur News : सहारनपुर में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार से साढ़े पांच लाख रुपये पकड़े हैं। आशंका है कि इस नगदी का लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल होना था, इस बिंदु पर जांच की जा रही है।
विस्तार
सहारनपुर में थाना सरसावा पुलिस और आबकारी टीम ने सरसावा में टोल प्लाजा के पास चेकिंग में कार से 5.50 (साढ़े पांच) लाख रुपये पकड़े हैं। तीन लोग कार में हरियाणा के यमुनानगर से नगदी उत्तराखंड के देहरादून लेकर जा रहे थे।
पुलिस को आशंका है कि कहीं लोकसभा चुनाव में तो नगदी का इस्तेमाल नहीं होना था। जिसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने नगदी कोषागार में जमा कराई है।
थाना सरसावा प्रभारी सतेंद्र राय ने पुलिस और आबकारी विभाग की टीम के साथ सरसावा में टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान एक कार को रुकवाया। तलाशी लिए जाने पर कार से 5.50 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस ने कार सवारों से नगदी के संबंध में जानकारी ली तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
युवकों ने अपने नाम पवित्र दास, गुरदेव सिंह निवासी व बीएस मोहंती देहरादून बताए। उन्होंने बताया कि वह यमुनानगर में काम करते हैं और नगदी कार्य से संबंधित है। वहीं, आशंका है कि कहीं लोकसभा चुनाव में नगदी का इस्तेमाल तो नहीं होना था। इस बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है।
35 पेटी शराब के साथ पकड़ा तस्कर
उधर, थाना सरसावा पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान कार सवार एक शराब तस्कर को पकड़ा है, जिसके पास से 35 पेटी शराब बरामद हुई है। थाना सरसावा प्रभारी सतेंद्र राय ने बताया कि आरोपी का नाम इकराम है, जो हरियाणा के लाडवा का रहने वाला है। चेकिंग के दौरान आरोपी की कार से 35 पेटी हरियाणा मार्का की शराब बरामद हुई। तस्करी में आरोपी के अन्य साथी भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: फ्लैशबैक: भूमि दान कर चर्चा में आए, देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे वीपी सिंह, मुजफ्फरनगर से खोला था मोर्चा
आरोपी ने बताया कि उसको सिर्फ हरियाणा और यूपी का बाॅर्डर पार करने की जिम्मेदारी मिलती थी। इसके बाद सहारनपुर पहुंचने पर ही उसके साथियों से संबंधित व्यक्ति का फोन आता था। फोन करने वाले व्यक्ति बताए स्थान पर शराब पहुंचाई जाती थी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी का भी प्रयास कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां पहुंचानी थी।
यह भी पढ़ें: फ्लैशबैक: भूमि दान कर चर्चा में आए, देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे वीपी सिंह, मुजफ्फरनगर से खोला था मोर्चा