Saharanpur: गुर्जर समाज ने निकाली गौरव यात्रा, BSNL-JIO की इंटरनेट सेवा बंद, सपा नेता अतुल प्रधान हिरासत में
सहारनपुर में सम्राट मिहिर भोज को लेकर गुर्जर और राजपूत समाज में टकराव की स्थिति बनी हुई है। गुर्जर समाज ने आज सम्राट मिहिर भोज यात्रा निकाली। वहीं, पुलिस-प्रशासन ने इन्हें अनुमति नहीं दी। वही, राजपूत समाज ने यात्रा का विरोध कर किया है। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर प्रशासन द्वारा अनुमति न दिए जाने के बावजूद गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज गौरव यात्रा फंदपुरी से निकाली गई। गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग सुबह नकड क्षेत्र के गांव फंदपुरी में एकत्र हुए। वहां से उन्होंने पैदल गौरव यात्रा शुरू की। प्रशासन ने यात्रा पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ था। इसके बावजूद लोगों ने यात्रा शुरू की। यात्रा रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने नकुड क्षेत्र में बैरिकेडिंग वगैरह लगाकर सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए, लेकिन गुर्जर समाज के लोगों ने प्रतिबंध के बावजूद यात्रा निकाली गई। वहीं गुर्जर व राजपूत समाज में तनातनी को देखते हुए जिले में BSNL व ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा बंद की गई है। इसके अलावा जिलाधिकारी के आदेश पर जनपद में जियो ने भी अपनी इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।
धीर-धीर यात्रा नकुड़ की ओर बढ़ती गई। खास बात यह है कि पुलिस प्रशासन ना तो भीड़ को कार्यक्रम स्थल गांव फंदपुरी में इकट्ठा होने से रोक पाया और न ही फंदपुरी से यात्रा रवाना होने से रोक पाया। भीड़ के सामने बेबस पुलिस प्रशासन महज औपचारिकता पूरी करता नजर आया है।
रविवार को यात्रा को लेकर जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चंद्र और एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने दोनों समाज के लोगों से बातचीत कर स्पष्ट कर दिया था कि किसी भी तरह की यात्रा नहीं निकलेगी। इसकी अनुमति भी दो दिन पहले निरस्त कर दी गई है। जिले में धारा 144 भी लागू हैं। ऐसे में कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। किसी ने कानून का उल्लंघन किया तो कार्रवाई होगी।
आमने-सामने दोनों समाज
अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा के सदस्य आचार्य विरेंद्र विक्रम ने कहा कि गुर्जर प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज रघुवंशी सम्राट थे और गुर्जर प्रतिहार वंश के सबसे प्रतापी सम्राट थे। 851 ईसवीं मे भारत भ्रमण पर आए अरब यात्री सुलेमान ने उनको गुर्जर राजा और उनके देश को गुर्जर देश कहा। इसी तरह अनेक इतिहासकारों उनके गुर्जर होने का प्रमाण दिया है।
वहीं, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष डा. कुशलपाल ने कहा कि क्षत्रिय सम्राट मिहिर भोज को एक विशेष जाति के लोग गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं, जो गलत है। मिहिर भोज एक क्षत्रिय सम्राट थे। वे यात्रा का विरोध करते हैं।
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि सोशल मीडिया पर यात्रा निकालने और उसका विरोध करने करने वालों में 20 लोगों को चिह्नित करते हुए नकुड़, देवबंद, नागल और गागलहेड़ी थानों में 15 मुकदमें दर्ज किए गए हैं। मुकदमों में अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि इसके बाद भी माहौल खराब करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर और एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर के चरथावल में बिरालसी चेक पोस्ट पर पुलिस ने की नाकेबंदी। सहारनपुर में गुर्जर समाज की रैली के विरोध करने की आशंका के मद्देनजर राजपूत समाज के लोगों को ग्रुप बनाकर जाने की इजाजत नहीं है।
पुलिस ने सहारनपुर की सीमाओं को सील किया गया है। वाहनों को चेक किया गया। बिरालसी के अलावा बलवाखेड़ी, छिमाऊ और बुड्ढाखेड़ा, कुटेसरा में फोर्स तैनात की गई है। बलवाखेड़ी में किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह के नेतृत्व में काफिले में शामिल लोगों को रोका गया है।
अतुल प्रधान के यात्रा में जाने की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। वहीं सिसाना में अतुल प्रधान व समर्थकों की गाड़ियों को रोक लिया गया। वहीं अतुल प्रधान को सिसाना में पुलिस ने पकड़ा तो वह समर्थकों के साथ सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए। उन्होंने पुलिस पर मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। वहीं सहारनपुर में दोपहर ढाई बजे नकुड क्षेत्र के गांव फंदपुरी में आकर गुर्जर गौरव यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई है।