Saharanpur: सिरफिरे आशिक ने युवती के परिवार पर चाकू से किया हमला, सात हुए घायल, जेल से छूटते ही की वारदात
देवबंद में सिरफिरे आशिक ने युवती के परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में परिवार के सात लोग घायल हो गए। कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया।
विस्तार
घटना देर रात कालीपार क्षेत्र में हुई। करीब दस बजे नाजिम का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान हाथ में चाकू लेकर एक युवक घर मे घुस गया और गाली-गलौज करने लगा। परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया तो युवक ने चाकू से उन पर हमला करना शुरू का दिया। इस बीच जो भी उसे रोकने आया वह उस पर चाकू से वार करता गया।
यह भी पढ़ें: UP: भरी सर्दी में सैकड़ों लोगों के सिर मुंडवाए, जो बाल उगाने का कर रहे थे दावा, उनके खुद के सिर पर नहीं बाल
ये हुए घायल
हमले में नाजिम (58), कलीम (48), नईम (45), फरजाना (38), अयान (14), फरयाना (19) और सानिया (16) घायल हो गए। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्हें देख आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सरकारी अस्पताल भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि हमलावर मुजफ्फरनगर निवासी है। जिसने प्रेम प्रसंग के चलते वारदात को अंजाम दिया।
युवती का रिश्ता कहीं और होने से नाराज था युवक
आरोपी युवती का रिश्ता कहीं और किए जाने से नाराज था और रिश्ता तुड़वाने के लिए चाकू लेकर यहां पहुंचा था। बताया गया कि आरोपी गैंगरेप के एक मामले में जेल में बंद था। कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर आया है।
पुलिस का कहना है आरोपी युवती के ताऊ के साले का लड़का है, जो औरंगाबाद में नाई का कार्य करता है। पुलिस के मुताबिक युवक बुलावे पर युवती के घर पहुंचा था। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल आरोपी फरार है।