Deoband: भरी पंचायत में अनुसूचित जाति के युवक से लगवाई उठक-बैठक, पैर भी पकड़वाए
उत्तर प्रदेश के देवबंद में मामूली बात पर दबंगों ने अनुसूचित जाति के युवकों ने भरी पंचायत में उठक बैठक लगवाने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने मामला संज्ञान में आते ही छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
विस्तार
देवबदं क्षेत्र के गंगदासपुर (गुडगंजपुर) गांव में मजदूरी के रुपये मांगने पर दबंगों द्वारा अनुसूचित जाति के एक युवक से भरीं पंचायत में उठक-बैठक लगवाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए युवक से पैर भी पकड़वाए और उसकी वीडियो भी बनाई गई। मामले में पीड़ित की भाभी ने पुलिस को तहरीर दी है।
मंगलवार को भीम आर्मी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शौर्य आंबेडकर और कार्यकर्ताओं के साथ पीडित युवक की भाभी कोतवाली पहुंची। उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि देवर मजदूरी करता है। कुछ दिन पूर्व गांव में ही एक व्यक्ति के यहां उसने मजदूरी की थी।
यह भी पढ़ें: गर्मी से अभी राहत के नहीं आसार: जून में टूटा 65 वर्ष का रिकाॅर्ड, वेस्ट यूपी में अगले कुछ दिन ऐसा रहेगा माैसम
आरोप है कि सोमवार को उसने मजदूरी के रुपये मांगे तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। रात के समय समझौते के नाम पर देवर और ससुर को जबरन एक मकान पर बुलाया गया। आरोप है कि वहां उक्त व्यक्ति ने देवर से उठक-बैठक लगवाई और जातिसूचक शब्द कहे गए और उससे पैर पकड़वाते हुए माफी मंगवाई गई।
इतना ही नहीं आरोपी ने उसकी वीडियो भी बनाई। वहीं, शौर्य आंबेडकर ने कहा कि घटना से दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची हैं। यदि पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं करती तो थाने का घेराव किया जाएगा। पीड़ित ने पुलिस ने वीडियो को हटवाए जाने की मांग की है।
सीओ अशोक सिसोदिया का कहना है कि तहरीर पर आरोपी लाखन, कैलाश, सोमपाल, कप्तान, अनुज और योगेंद्र के विरुद्ध एससीएसटी सहित अन्य धाराओ में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।