सहारनपुर। प्रदूषण बहुत बढ़ रहा है। हवा में जहर घुल गया है। इस स्थिति को बदलने के लिए सभी को जागरूक होना है और दिवाली पर आतिशबाजी नहीं करनी है। अमर उजाला की विशेष मुहिम एक युद्ध पटाखों के विरुद्ध के तहत शहर के शारदानगर स्थित केएलजी पब्लिक स्कूल में पर्यावरण की रक्षा के लिए यह संकल्प लिया गया।
इस दौरान प्रधानाचार्या बबीता मलिक ने कहा कि प्रदूषण में बढ़ोतरी हर किसी के लिए नुकसानदायक है। एक्यूआई लगातार बढ़ रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार प्रदूषण को कम करने की कवायद कर रही है, जिसके तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दिवाली पर आतिशबाजी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सहारनपुर जिले में भी हवा दूषित हो रही है, लिहाजा प्रत्येक छात्र छात्रा और उनके अभिभावकों को इस दिवाली को पटाखा रहित मनाना है। इनके अलावा राजेंद्र सिमरा, रिनी मेहंदीरत्ता, शुभा गुप्ता, शीतल मल्होत्रा, रूबी अरोड़ा ने भी कहा कि हमें इस बार दिवाली पर आतिशबाजी नहीं करनी है, साथ ही अपने आसपास में रहने वालों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। ताकि स्वच्छ पर्यावरण में मानव शरीर पर किसी तरह का प्रभाव ना पड़े। वैसे भी कई तरह की बीमारियों का बड़ा कारण प्रदूषण है, इसलिए भी स्वस्थ रहने के लिए प्रदूषण से मुक्ति पानी आवश्यक है।

एक युद्ध पटाखो के विरूद केएलजी स्कूल में शपथ ग्रहण करते छात्र छात्राएं व शिक्षक- फोटो : SAHARANPUR