Saharanpur: राकेश टिकैत का सरकार पर हमला, बोले-किसानों की जमीनों पर खतरनाक निगाह, पूरे विश्व में पूंजीवाद हावी
Saharanpur News : सहारनपुर पहुंचे चौधरी राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीनों पर सरकारों की खतरनाक निगाह है। साथ ही कहा कि पूरे विश्व में पूंजीवाद हावी है।
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों के सामने संगठन और स्वाभिमान बचाने की चुनौती है। सरकारों की किसानों की जमीन पर खतरनाक निगाह है। सरकार किसानों का खेती के प्रति मोह भंग करना चाह रही है। पूरे विश्व में पूंजीवाद हावी हो रहा है।
सहारनपुर के छुटमलपुर में युवा जिला उपाध्यक्ष सचिन चौधरी के कार्यालय पर पहुंचे चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि उनका विरोध सरकार से नहीं, बल्कि उसकी नीतियों से है। सरकार किसानों को केवल चुनावी घोषणा पत्र में सपने दिखाने का काम करती है। हकीकत में किसानों लिए कुछ नहीं किया है। यही वजह है कि आज देश का किसान खेतों में हाड़तोड़ मेहनत करने के बाद भी आर्थिक परेशानियों से घिरा है। किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम नहीं मिलता है। भाव न होने के कारण कई बार किसानों को खड़ी फसलों में ट्रैक्टर चलाना पड़ता है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: बेटी चीखती रही पर पिता करता रहा ताबड़तोड़ वार, टूट गई सांसों की डोर, बोला- इज्जत के खातिर मार डाला
उन्होंने कहा कि 15 से 18 जून तक भाकियू का चिंतन शिविर हरिद्वार में आयोजित होगा। इसमें किसान हितों के लिए संगठन की अगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा। इस मौके पर युवा जिलाध्यक्ष नदीम अंसारी, सचिन चौधरी, पदम सिंह, इरशाद अंसारी, नासिर अंसारी, अख्तर अली, अल्तमश अंसारी, मोनू मलिक आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: प्यार का खौफनाक अंत: कातिल पिता ने बताई वारदात की पूरी कहानी, कैसे बनाया हत्या का प्लान? पूछताछ में सबकुछ उगला