सहारनपुर। मिशन शक्ति- ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन’ अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में महिलाओं के खिलाफ हिंसा से संबंधित मामलों में फैसिलीटेशन आफिसर की मदद के बारे में जानकारी दी गई। पीड़ित महिला शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन जाने में असमर्थ है तो पुलिस फैसिलीटेशन ऑफिसर उनके घर, वन स्टॉप सेंटर या अस्पताल से ही उसकी सूचना की रिकार्डिंग कर सकेंगे। पुलिस फैसिलिटेशन ऑफिसर ऑडियो-वीडियो इलेक्ट्रॉनिक या अन्य माध्यम से धारा 161 और 164 सीआरपीसी के तहत महिलाओं के बयान दर्ज करने की सुविधा प्रदान करेंगे।
सखी वन स्टॉप सेंटर में हुए कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि सखी-वन स्टॉप सेंटर में तैनात पुलिस फैसिलीटेशन ऑफिसर पीड़ित महिलाओं को अपराधियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने, हिंसा से पीड़ित महिलाओं को पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि दंडनीय अपराधों में संबंधित पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई करने से इंकार किया जाता है तो आरोपी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकेगी। महिला थाना प्रभारी सरिता सिंह ने कहा कि जरूरी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। महिला शक्ति केंद्र की जिला समन्वयक रूपा हरित ने उपयोगी कानूनी जानकारियां दीं।