Chandrashekhar Attack: उत्तराखंड से हरियाणा तक ताबड़तोड़ दबिश, पुलिस को मिला ये इनपुट, जल्द खुलेगा पूरा मामला
Chandrashekhar Attack Case : चंद्रशेखर पर हुए हमले के मामले में सहारनपुर पुलिस ने उत्तराखंड से हरियाणा तक ताबड़तोड़ दबिश दी। बताया गया कि पुलिस के हाथ अमह सुराग लगा है।
विस्तार
भीम आर्मी प्रमुख और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर पर हमला करने के मामले में सहारनपुर पुलिस की तीन टीमों ने हरियाणा और उत्तराखंड में ताबड़तोड़ दबिश दी है। पुलिस को इनपुट मिला है कि हमले में तीन के अलावा अन्य आरोपी भी शामिल हैं। इनके कुछ साथियों के पड़ोसी राज्यों में छिपे होने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस अभी तक आठ युवकों को हिरासत में ले चुकी है।
हमले के आरोपियों को पकड़ने के लिए एसएसपी ने तीन टीमों को लगाने के बाद स्वॉट टीम, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को भी लगाया है। हमले के आरोपियों की कार पुलिस देवबंद के गांव मिरगपुर से बरामद कर चुकी है।
पुलिस टीमों ने देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश, कोटद्वार में दबिश दी। इसके अलावा हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, नारायणगढ़ और प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ में भी आरोपियों की तलाश की है। पुलिस की टीमें दिन-रात आरोपियों की तलाश में सरगर्मी से लगी हैं, लेकिन पुलिस के हाथ आरोपियों की गर्दन तक नहीं पहुंच पाए हैं, लेकिन यह साफ है कि पुलिस आरोपियों के नजदीक है और जल्द उनके पकड़े जाने की भी उम्मीद है।
कई दिन से चल रही पूछताछ
पुलिस ने शक के आधार पर बृहस्पतिवार को तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था। इसके बाद पुलिस ने पांच अन्य युवकों भी हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है।
यह भी पढ़ें: टूट गईं रिश्तों की डोर: तड़पती रही तमन्ना, वीडियो बनाते रहे लोग, खून-खराबे में बदलीं निकाह की खुशियां
यह था मामला
बुधवार की शाम देवबंद की गांधी कॉलोनी से आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर कार में अपने भाई मनीष और तीन अन्य साथियों के साथ सहारनपुर लौट रहे थे। यूनियन तिराहे के पास स्विफ्ट कार में आए बदमाशों ने चंद्रशेखर की कार पर चार राउंड फायरिंग की। एक गोली कार के दरवाजे को भेदते हुए चंद्रशेखर के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। देवबंद सीएचसी के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमले के आरोपी कार सहित मौके से फरार हो गए थे। बृहस्पतिवार शाम को चंद्रशेखर को जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, तहसील दिवस में नहीं पहुंचे 20 अधिकारी, डीएम ने रोका वेतन
हमले के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों ने हरियाणा और उत्तराखंड के कई शहरों में दबिश दी है। पुलिस हमलावरों के नजदीक पहुंच गई है। जल्द वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। - डाॅ. विपिन ताडा, एसएसपी