PM Modi Visit Saharanpur Today: यमुनानगर में आज 20 मिनट रहेंगे पीएम मोदी, सड़क से आसमान तक कड़ी सुरक्षा
हरियाणा के यमुनानगर में 800 मेगावाट की सुपर क्रिटिकल थर्मल यूनिट स्थापित की जाएगी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वायुयान ने वायुसेना स्टेशन सरसावा की हवाई पट्टी पर 12:10 पर लैंड किया।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सहारनपुर जिले में आएंगे। धानमंत्री नरेंद्र मोदी के वायुयान ने वायुसेना स्टेशन सरसावा की हवाई पट्टी पर 12:10 पर लैंड किया। यहां से हेलीकॉप्टर में सवार होकर यमुनानगर के प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। सरसावा में मोदी करीब 20 मिनट रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के यमुनानगर में 800 मेगावाट की सुपर क्रिटिकल थर्मल यूनिट स्थापित की जाएगी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी आधारशिला रखेंगे। यमुनानगर के नजदीक सरसावा एयरफोर्स स्टेशन का रनवे है। यही पर प्रधानमंत्री का विमान उतरा। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से यमुनानगर जाएंगे। जिला प्रशासन की तरफ से प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
भाजपा नेताओं ने किया प्रधानमंत्री का स्वागत
प्रधानमंत्री का विमान रनवे पर उतरने के बाद प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, राज्य मंत्री जसवंत सैनी, राज्य मंत्री बृजेश सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने सभी का परिचय लिया। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर में बैठकर यमुनानगर के लिए रवाना हो गए थे। एयरपोर्ट पर हवाई यात्रा सेवाओं के शुरू होने को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई।
टोल प्लाजा के नजदीक जिला प्रशासन द्वारा महाविद्यालय में बनाए गए सेफ हाउस में एसपीजी पहुंची और वहां जांच पड़ताल की। एसपीजी की टीम ने स्निफर डॉग तथा अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ पूरे सेफ हाउस का घंटों तक बारीकी से निरीक्षण किया। एसपीजी ने पुलिस अधिकारियों को इशारों से कुछ विशेष दिशा निर्देश भी दिए।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने सेफ हाउस के समीप होटल ढाबों पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने होटल संचालकों को निर्देश दिए कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि होने पर पुलिस को बताएं।
सेफ हाउस में बनाया अस्पताल
जिला प्रशासन के निर्देश पर सीएमओ के निर्देशन में सेफ हाउस में एक आकस्मिक अस्पताल का निर्माण किया गया है, जहां प्रोटोकॉल के अनुसार कार्डियोलॉजिस्ट आदि के अलावा गंभीर बीमारियों के चिकित्सकों की पूरी टीम रहेगी। इसके अलावा जीवन रक्षक दवाइयां एंबुलेंस तथा ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था की गई है।