सहारनपुर। जनपद की बेटी नीशु चौधरी और वर्णिका चौधरी का चयन राष्ट्रीय सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता के पहले चरण में गोवा और उत्तराखंड के खिलाफ खेल चुकी हैं। दूसरे चरण के लिए तैयारी में जुटी हैं। नीशु और वर्णिका की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर गुप्ता ने बताया कि सहारनपुर के क्रिकेट खिलाड़ी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। इसी क्रम में दो बेटियों नीशु चौधरी और वर्णिका चौधरी ने एक और उपलब्धि जोड़ी है। दोनों का चयन उत्तर प्रदेश की सीनियर महिला क्रिकेट टीम के लिए हुआ है। चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने गोवा और उत्तराखंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। नीशु दाएं हाथ और वर्णिका बांए हाथ की बल्लेबाज हैं। जो अब दूसरे चरण के मैचों की तैयारी के लिए पसीना बहा रही हैं। गुप्ता ने बताया कि नीशु सरसावा के गांव झबीरन की रहने वाली हैं, जिसके पिता हरवीर सिंह रेलवे में तैनात हैं। वह कानपुर में अभ्यास करती हैं। वर्णिका चौधरी गंगोह के गांव बीराखेड़ी की रहने वाली हैं, जिसके पिता प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। दोनों खिलाड़ियों के यूपी सीनियर टी -20 महिला क्रिकेट टीम में चुने जाने से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। एसोसिएशन के सचिव लतीफ उर रहमान, रवि सिंघल, योगेश गुप्ता, पुण्य गर्ग, अमित सेठी, साजिद उमर, राकेश शर्मा, सैयद मशकूर, सत्यम शर्मा, आमिर कुरैशी, राजीव गोयल, रणधीर कपूर, विनय कुमार, सचिन सैनी, अर्जुन, रवीश राठी, अर्जुन चौहान, तनवीर, शोएब, भावना तोमर ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।

क्रिकेट वार्णिका चौधरी- फोटो : SAHARANPUR