ममेरी बहन से घर में घुसकर किया दुष्कर्म, आहत युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या
सहारनपुर के देवबंद में ममेरे भाई ने बहन के साथ दुष्कर्म की। इससे आहत बहन ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ममेरे भाई के इस कुकृत्य से सभी हैरान हैं। मंगलवार दोपहर सैनपुर रेलवे क्रॉसिंग से युवती का शव बरामद हुआ। आरोपी ममेरा भाई फरार हो गया है।
देवबंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के परिजन सोमवार को किसी काम से रुड़की गए थे। घर में युवती और उसकी बहन थी। शाम को युवती का ममेरा भाई घर पहुंचा। आरोप है कि ममेरे भाई ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी वारदात को अंजाम देने केे बाद फरार हो गया। ममेरे भाई के कुकृत्य से युवती आहत हो गई।
मंगलवार सुबह जब परिजन घर पहुंचे तो युवती ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिससे परिजनों के भी होश उड़ गए। इसी दौरान मौका पाकर युवती घर से अचानक लापता हो गई। परिजन युवती को तलाश करना शुरू कर दिया। मंगलवार दोपहर लोगों ने युवती का शव रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की सूचना दी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। देवबंद थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि युवती सुबह से घर से लापता थी। परिजनों ने युवती के ममेरे भाई पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आत्मग्लानि में युवती ने ट्रेन के सामने कूद कर आत्महत्या कर ली। देवबंद कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी को तलाश किया जा रहा है।