बेहट (सहारनपुर)। बादशाहीबाग बरसाती नदी के पास आवंटित खनन पट्टे में खनन कराने के लिए पहुंचे पट्टाधारक को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर थाना मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण सीमांकन होने तक खनन नहीं होने देने पर अड़े रहे। फिलहाल पुलिस ने खनन का कार्य रुकवा दिया है और इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया है। राजस्व टीम पट्टे का क्षेत्रफल कहां से कहां तक है, निर्धारित करेगी। इसके बाद ही खनन कार्य शुरू हो सकेगा।
बादशाहीबाग में बरसाती नदी के पास हरियाणा के जनपद करनाल के गांव गढ़ी बीरबल निवासी राजेश पुत्र रणवीर के नाम खनन पट्टा आवंटित होना बताया गया है। शुक्रवार को पट्टाधारक पट्टे में खनन कार्य कराने के लिए पहुंचे थे, जिसका ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया। ग्रामीणों का कहना है, कि पहले पट्टे का सीमांकन किया जाए। उसके बाद ही वह खनन कार्य होने देंगे। सूचना मिलने पर थाना मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के विरोध के चलते खनन कार्य को रुकवा दिया। थाना प्रभारी विरेशपाल गिरी ने बताया, कि फिलहाल कार्य रुकवा दिया गया और इस संबंध में अधिकारियों को अवगत कराया गया है। राजस्व टीम मौके पर पहुंचकर पट्टे का क्षेत्रफल कहां और कहां से कहां तक है, इसे चिह्नित करेगी। इसके बाद ही पट्टा धारक खनन कार्य कर सकेगा।

बादशाहीबाग में रोका गया खनन कार्य, सीमांकन से पहले खनन नहीं होने देने अड़े ग्रामीण- फोटो : SAHARANPUR