नकुड़ (सहारनपुर)। केएलजीएम इंटर कालेज में शहीद स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्र के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर इसी कॉलेज में शिक्षा ग्रहण कर देशसेवा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
मंगलवार को कॉलेज प्रांगण में आयोजित शहीद स्मृति दिवस कार्यक्रम में देश के वीर शहीदों को याद किया गया। इस मौके पर इसी कॉलेज से पढ़कर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले क्षेत्र के गांव भैरमऊ निवासी शहीद जबर सिंह, गांव फेरूमाजरा निवासी शहीद विनोद कुमार व गांव ढोल्लामाजरा निवासी शहीद संजीव कुमार के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीओ यतेंद्र सिंह नागर ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान निश्चित ही हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करता है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से जहां राष्ट्रभक्ति की लो छात्रों के मन में सुलगती है, वहीं उनकी याद में आयोजित ऐसे कार्यक्रमों से इतिहास के बारे में भी बहुत कुछ जानने का मौका मिलता है। कार्यक्रम को कोतवाल सुशील कुमार सैनी, विद्यालय के प्रबंधक चंद्रशेखर मित्तल, प्रधानाचार्य राकेश कुमार गुप्ता व प्रबंध समिति के सदस्य विष्णुदत्त शर्मा आदि ने भी संबोधित किया तथा शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। 33 वीं बटालियन बीएसएफ से आए जवान दीपक कुमार ने अपने कमांडेंट की ओर से भी शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट गौरव मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। इस मौके पर एनसीसी के छात्रों ने शहीदों की याद में विभिन्न प्रस्तुति देते हुए शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम में अमर शहीद संजीव कुमार के पिता पाल्लेराम, चाचा सुखबीर सिंह, शहीद विनोद कुमार की पत्नी सुमन देवी आदि मौजूद रहे।

नकुड़ में शहीद संजीव कुमार के पिता पाल्लेराम को शाल ओढा कर सम्मानित करते अधिकारी- फोटो : SAHARANPUR