सहारनपुर। रात्रि कर्फ्यू का एलान हुआ तो शा दी समारोहों के आयोजन में भी एकाएक फेरबदल करना पड़ गया। जो शादी समारोह रात में होना था, उसे दिन में ही संपन्न कराया गया, जिसके लिए एन वक्त पर सभी तैयारियां बदलवानी पड़ गईं।
ऐसा ही एक शादी समारोह शुक्रवार दोपहर दिल्ली रोड पर बैंक्वेट हाल में हुआ। दिल्ली रोड स्थित कॉलोनी में रहने वाले परिवार ने शादी की सभी तैयारियां पहले से कर रखी थीं। आयोजन रात में होना था और शुक्रवार की तारीख भी तय थी। बरात पंजाब से आनी थी, लेकिन जैसे ही बृहस्पतिवार रात में यह एलान हुआ कि सहारनपुर में भी शुक्रवार रात से रात्रि कर्फ्यू लागू हो जाएगा तो उक्त परिवार ने शुक्रवार ही बरात बुलवा ली और शादी समारोह संपन्न करा दिया। इनके अलावा भी कई आयोजनों को लेकर इसी तरह आनन फानन में बदलाव करना पड़ा है। पता चला है कि शुक्रवार को रात्रि में शादी समारोहों के 50 से ज्यादा आयोजन जिलेभर में होने पहले से तय थे। इनमें से कुछ आयोजन नाइट कर्फ्यू का समय शुरू होने से पहले ही संपन्न कराने पड़ गए।