यूपी: एक घर पर अंधाधुंध फायरिंग, गाय को लगी गोली, गोलियों की आवाज सुन कांप उठे परिजन, गांव में दहशत
Saharanpur News : बाइक सवार 10-12 युवकों ने एक घर पर अंधाधुंध फायरिंग की। वहीं, गोलियों की आवाज सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। बताया गया कि घर के मुख्य लोहे के गेट को पार करते हुए एक गोली गाय को लग गई।
विस्तार
सहारनपुर में सरसावा क्षेत्र के ग्राम सोराना निवासी व सरसावा टेंपो यूनियन के पूर्व प्रधान के घर कुछ युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग की। एक गोली लोहे के गेट की मोटी चादर में छेद करते हुए गाय को जा लगी। पुलिस को मौके से एक दर्जन से अधिक 315 बोर के खाली खोखे व एक कारतूस बरामद हुए हैं।
सोराना निवासी टेंपो यूनियन के पूर्व प्रधान राजकुमार चौधरी ने बताया कि गांव अलीपुरा का एक युवक उनसे रंजिश रखता है। बृहस्पतिवार की देर रात को 1:30 बजे अलीपुरा निवासी युवक तीन-चार बाइकों पर अपने 10-12 साथियों को लेकर उनके घर सोराना आया और आते ही गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस दौरान गोलियों की आवाज सुनकर नींद से जागे परिजनों के होश उड़ गए।
वहीं, एक गोली उनके लोहे के मुख्य गेट को पार करती हुई अंदर बंधी गाय के पेट में भी जा लगी। जब तक वे कुछ समझ पाए, आरोपी धमकी देते हुए फायरिंग करते हुए भाग निकले। गांव की दलित बस्ती में भी युवकों ने दहशत फैलाने के इरादे से कई फायर किए। उन्होंने रात में ही पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के घर के आसपास से एक दर्जन से अधिक 315 बोर के कारतूसों के खोखे व एक कारतूस भी बरामद किया।
यह भी पढ़ें: होटलों में पड़ा छापा: पुलिस को देख भागने लगे प्रेमी जोड़े, मचा हड़कंप, युवकों के साथ पकड़ी गईं युवतियां
इस संबंध में सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने परिवार से मामले की जानकारी ली है लेकिन अभी तक पीड़ित द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस लगातार आरोपियों के घर दबिश दे रही है
यह भी पढ़ें: अमर उजाला स्टिंग: IAS अफसरों के उड़े होश, व्हाट्सएप ग्रुपों पर चल रहा ये बड़ा खेल, सरकार को करोड़ों की हानि