सहारनपुर। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। उन्होंने कहा कि कोविड अस्पतालों में मरीजों को उचित उपचार दिलाने की व्यवस्था की जाए। क्योंकि ऑक्सीजन की कमी के कारण मरीजों की जान जा रही है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे समिति के जिलाध्यक्ष साधूराम आंबेडकर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सही उपचार नहीं मिल रहा और प्राइवेट अस्पताल वाले ज्यादा शुल्क वसूल रहे हैं। इससे आम आदमी पर दोहरी मार पड़ रही है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण कराने की भी व्यवस्था नहीं हो पा रही है। ज्ञापन में कहा है कि टेस्टिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट को प्रभावी बनाएं, सभी अस्पतालों पर संक्रमितों को भर्ती कराने की व्यवस्था की जाए, ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए तथा मरीजों को अस्पताल ले जाने में लापरवाही बरतने वाले एंबुलेंस कर्मियों पर कार्रवाई की जाए। इसके अलावा कोरोना संक्रमण से मरने वाले के परिवार को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दिलाई जाए। ज्ञापन देने वालों में एसडी गौतम, इसम सिंह गौतम, रविंद्र कुमार, सुमित बौद्ध, सुलेखचंद, सोम सिंह, साधूराम बौद्ध आदि उपस्थित रहे।