2292 लाभार्थियों को सौंपी आवास की चाबियां
सहारनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2292 लाभार्थियों को आवासों की प्रतीकात्मक चाबियां सौंपी गईं। लखनऊ में हुए कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का प्रसारण एनआईसी सभागार में वर्चुअल माध्यम से देखा और सुना गया।
बुधवार को सहारनपुर जनपद में विभिन्न ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम हुए। 2292 लाभार्थियों को चाबी का वितरण किया गया। एनआईसी सभागार में बाला, सावित्री, राजपाल, राजवती, हनीफा, शिखा, तसमीम, इमरान, ममता, स्नेहलता, पूनम तथा रीना को आवास की प्रतीकात्मक चाबी दी गई। आवासों की चाबियां मिलने पर पात्र लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। बाला, सवित्री और राजवती ने कहा कि उनको अपना आशियाना मिल गया है, यह बहुत खुशी की बात है। इस दौरान रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम और विधायक देवबंद कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कारगर कदम उठाए हैं। इसी को ध्यान में रखकर अनेक योजनाएं लागू की हैं। इस दौरान सीडीओ विजय कुमार, परियोजना निदेशक देवेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।