श्रीराम और कृष्ण की पावन भूमि है भारत
सहारनपुर। विप्र परिवार की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के वरिष्ठ आचार्यों, ज्योतिषाचार्यों और मंदिरों के अधिष्ठाताओं को शॉल ओढ़ाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दिल्ली रोड के परवाना विहार स्थित प्रभु जी गऊशाला में विप्र परिवार ( सनातन संरक्षण संघ) द्वारा गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सर्व प्रथम ध्वजारोहण किया गया। आचार्य राघवेंद्र स्वामी ने भारत माता के जयघोष के साथ राष्ट्र के स्वाधीनता के प्रहरियों का गुणगान किया। उसके पश्चात वीरगति प्राप्त वीरों सहित सहारनपुर के शहीद सैनिक निशांत शर्मा को श्रद्धांजलि दी। पंडित विद्यासागर चूड़ामणि, पंडित राकेश दीक्षित, पंडित योगेश दीक्षित ने विचार रखे। इसके पश्चात सनातन धर्म के विभिन्न क्षेत्र में कार्यरत महानुभावों का सम्मान किया गया। मंत्री आचार्य विजय बलोधी ने धर्म की राष्ट्र निर्माण की भूमिका को बहुत ही सारगर्भित शब्दों में प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भारत श्रीराम और श्री कृष्ण की भूमि है। इसलिए समाज में बिना किसी भेदभाव के कार्य करना ही धर्म की सच्ची परिभाषा है। पंडित अरुण पंडित व कोषाध्यक्ष पंडित योगेश गोनियाल के सानिध्य में युवा कार्यकारिणी ने कार्यक्रम को सफल बनाया। इस दौरान अध्यक्ष अभिषेक कृष्णात्रेय, संरक्षक सुरेश चैतन्य, पंडित ओंकार दीक्षित, पंडित शंकर लाल, पंडित भारत भूषण सुरेंद्र नारायण योगी, संजीव शास्त्री आदि मौजूद रहे। संचालन पंडित दीपक अग्निहोत्री ने किया।