UP: रिश्वत लेते प्रधान लिपिक और होमगार्ड गिरफ्तार, पेंशन की फाइल पास करने पर लिए थे तीन हजार रुपये
Saharanpur News : प्रधान लिपिक और होमगार्ड को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है। बताया गया कि पेंशन की फाइल पास करने की एवज में तीन हजार रुपये लिए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में आवास-विकास स्थित कोषागार के मंडल कार्यालय से भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी क्रप्शन) सहारनपुर मंडल की टीम ने प्रधान लिपिक और होमगार्ड को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। प्रधान लिपिक ने पेंशन की फाइल पास करने की एवज में पैसे लिए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एंटी क्रप्शन टीम के प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा खतौली निवासी सिराजुद्दीन नगर पालिक में कर्मचारी थे। कुछ समय पूर्व उनका निधन हो गया था। उनकी बेटी शबनम को परिवारिक पेंशन मिलनी है। शबनम और उसके भाई मेहराज ने सभी दस्तावेज पूरे कर संबंधित विभागों को को उपलब्ध कराए।
इसके बाद उनकी फाइल सहारनपुर के मोहल्ला आवास-विकास स्थित कोषागार के मंडल कार्यालय पर पहुंची। यहां तैनात प्रधान लिपिक ने फाइल पास करने की एवज में पैसों की मांग की। पैसा न देने पर फाइल को पास नहीं किया गया। इसकी शिकायत मेहराज ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी क्रप्शन) कार्यालय में की।
बुधवार की शाम प्रभारी महेश दुबे के नेतृत्व में एंटी क्रप्शन की टीम कोषागार के मंडल कार्यालय पर पहुंची। टीम के साथ मेहराज भी कार्यालय में पहुंच गया, जिसने प्रधान लिपिक गुरु प्रताप को फाइल पास करने के लिए तीन हजार रुपये दिए। तब, वहां तैनात होमगार्ड रईस आलम को प्रधान लिपिक ने पैसा गिनने के लिए कहा। रुपये गिनने के बाद होमगार्ड ने प्रधान लिपिक को नकदी पकड़ा दी। इसी दौरान एंटी क्रप्शन की टीम ने प्रधान लिपिक और होमगार्ड को रंगे हाथ रिश्वत के पैसे लेते पकड़ लिया। इसके बाद टीम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली सदर बाजार लेकर आई, जहां पर प्रभारी महेश दुबे की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
यह भी पढ़ें: PHOTO: जोशीमठ की तरह यूपी के बागपत में घर छोड़ने को मजबूर लोग, जमीन धंसने से 25 मकानों में आईं मोटी दरारें
रायबरेली का रहने वाला है प्रधान लिपिक
आरोपी प्रधान लिपिक गुरु प्रताप मूलरूप से रायबरेली का रहने वाला है। साढ़े चार साल से आवास-विकास स्थित कोषागार के मंडल कार्यालय में प्रधान लिपिक के पद पर तैनात था। वहीं, होमगार्ड रईस आलम मोहल्ला जनकनगर का रहने वाला है।
काफी समय से कर रहा था परेशान
शबनम के भाई मेहराज ने एंटी क्रप्शन विभाग से की गई शिकायत में बताया था कि प्रधान लिपिक फाइल पास करने के लिए लंबे समय से उनको परेशान कर रहा था। उनसे पैसों की मांग की जा रही है। पैसा न मिलने पर फाइल को ठंडे बस्ते में डालने की बात कही गई थी।
यह भी पढ़ें: 11 तस्वीरें: डी-84 गैंग के हिस्ट्रीशीटर का आतंक खत्म, एनकाउंटर में हुआ ढेर, गोली चलाने में माहिर था इनामी साजन
एंटी क्रप्शन की टीम ने प्रधान लिपिक और होमगार्ड को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इस संबंध में शासन को भी अगवत कराया जा रहा है। - अभिमन्यु मांगलिक, एसपी सिटी