गन्ना तौल न होने पर किसानों ने किया हंगामा
नानौता (सहारनपुर)। क्षेत्र के किसान सहकारी चीनी मिल पर रात भर लाइन में लगे होने के बाद भी किसानों का गन्ना नहीं तोला गया। इस बात से नाराज होकर किसानों द्वारा मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर परेशान करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया। बाद में अधिकारियों द्वारा तोल शुरू कराए जाने पर मामला शांत हुआ।
शुक्रवार को क्षेत्र के किसान सहकारी चीनी मिल में भैंसा बुग्गी में गन्ना लेकर आए क्षेत्र के गन्ना किसानों दुष्यंत कुमार, चरण सिंह, जॉनी, शिब्बू, भूरा, प्रदीप कुमार, महिपाल सिंह, पहल सिंह आदि ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह रात्रि से भैंसा बुग्गी में गन्ना लादे हुए खड़े रहे लेकिन शुक्रवार की दोपहर लगभग 2 बजे तक भी मिल कर्मियों द्वारा उनका गन्ना नहीं तौला गया। किसानों का आरोप है कि जब वह इस संबंध में मिल के जीएम के पास मिलने गए तो किसी ने उन्हें जीएम से मिलने नहीं दिया। बाद में सीसीओ से संपर्क किया गया, सीसीओ सी पी सिंह द्वारा व्यवस्था कर गन्ना तुलवाए जाने पर किसान शांत हुए। चीनी मिल प्रधान प्रबंधक डा. प्रशांत कुमार ने कहा कि उनसे कोई किसान मिलने नहीं आया।