सहारनपुर। विभिन्न मांगों को लेकर अधीनस्थ कृषि सेवा संघ उत्तर प्रदेश से जुडे़ कर्मचारियों ने सोमवार को बाजू पर काला फीता बांधकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
बेरीबाग स्थित कृषि भवन में प्रदर्शन करते हुए अधीनस्थ कृषि सेवा संघ उत्तर प्रदेश से जुडे़ कर्मचारियों ने कहा कि वर्ग तीन से वर्ग दो और वर्ग दो से वर्ग एक में समयबद्ध पदोन्नति होनी चाहिए। उन्होंने कृषि संवर्ग की वेतन विसंगतियों को दूर करने, मांग के अनुसार अच्छी प्रजातियों के बीजों की आपूर्ति करने और दूसरे जनपदों में तैनात प्राविधिक सहायकों का स्थानांतरण निजी अनुरोध पर निकटतम जिले में करने सहित अन्य मांग की। संचालन राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कोषाध्यक्ष बिजेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री अशोक मलिक, अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के जिला मंत्री प्रमेश कुमार, बिजेंद्र कुमार, भूपेंद्र मलिक, राजेश चौहान, जबर सिंह, हुकुम सिंह, ब्रजभूषण, मुकेश कुमार, अमरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।