Saharanpur Weather: सर्दी का सितम जारी, शीतलहर की चपेट में जनपद, न्यूनतम तापमान गिरकर 2.5 डिग्री पहुंचा
सहारनपुर जनपद 36 घंटे से तेज शीतलहर की चपेट में है। बर्फीले पहाड़ों से ढलकर आ रही ठंडी हवा के कारण लोग ठिठुर रहे हैं। मंगलवार की दोपहर चंद मिनटों के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन लोगों को सर्दी से कोई राहत नहीं मिली। शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान गिरकर 2.5 डिग्री पर आ गया। अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।
कोहरे के साथ शीतलहर कई दिन से चल रही है, लेकिन मंगलवार की रात से हवा तेज है, जिसकी वजह से लोग खुले में खड़ा तक नहीं हो पा रहे हैं। बुधवार की सुबह से ही कोहरा आसमान में जमा नजर आया। शीतलहर की गति बढ़ने से सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया।
न्यूनतम तापमान जो मंगलवार को 2.6 डिग्री सेल्सियस था वह गिरकर 2.5 पर आ गया। अधिकतम तापमान भी जो एक दिन पहले 12.5 डिग्री सेल्सियस था वह भी गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जिसकी वजह से लोगों को राहत मिलने की बजाय और परेशानी हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है। शुक्रवार या शनिवार को कोहरा छटने की उम्मीद जताई है।
16 जनवरी तक बंद हुए 12वीं तक के विद्यालय
सर्दी के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों, मदरसों आदि को 16 जनवरी तक के लिए बंद करने के निर्देश दिए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक
विनोद कुमार ने बताया कि अवकाश के आदेश राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, वित्तविहीन, संस्कृत बोर्ड और मदरसा बोर्ड सभी स्कूलों और मदरसों पर लागू होंगे। उक्त अवधि में यदि कहीं प्री-बोर्ड परीक्षाएं या प्रयोगात्मक परीक्षाएं या अन्य प्रकार की परीक्षाएं होनी हैं तो वह यथावत चलेंगी। सभी प्रधानाचार्य, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।