{"_id":"6484b61594a0ee9a040b763a","slug":"development-work-will-start-soon-in-private-industrial-park-preparation-for-foundation-stone-saharanpur-news-c-30-1-smrt1052-3964-2023-06-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Saharanpur News: निजी औद्योगिक पार्क में जल्द शुरू होंगे विकास कार्य, शिलान्यास की तैयारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Saharanpur News: निजी औद्योगिक पार्क में जल्द शुरू होंगे विकास कार्य, शिलान्यास की तैयारी
Sat, 10 Jun 2023 11:12 PM IST
मेरठ ब्यूरो
देवेंद्र कुमार, अमर उजाला, मेरठ
देवेंद्र कुमार, अमर उजाला, मेरठ
Published by: मेरठ ब्यूरो
Updated Sat, 10 Jun 2023 11:12 PM IST
विज्ञापन
सहारनपुर के पिलखनी में तैयार किया जा रहा उद्योग पार्क
सहारनपुर के पिलखनी (बोंसा) में प्रस्तावित निजी औद्योगिक पार्क में जल्द ही विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। करीब 50 एकड़ के इस औद्योगिक पार्क में 100 से अधिक इकाइयां स्थापित होंगी। जिनमें 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इस औद्योगिक पार्क के विकसित होने से जनपद से काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों के निर्यात में गुणात्मक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इस औद्योगिक पार्क के जल्द ही शिलान्यास कराने की तैयारी है।
विज्ञापन
जिले के काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों की पूरे विश्व में काफी मांग है। यहां के काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों का सालाना लगभग 1400 से 1600 करोड़ रुपये का घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कारोबार है। इसमें करीब 1100 से 1200 करोड़ रुपये का निर्यात विश्व के कई देशों में होता है। यह कारोबार एक से सवा लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार भी मुहैया करा रहा है। उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव ने बताया कि इस कारोबार को और बेहतर करने की कवायद के तहत पिलखनी (बोंसा) में लगभग 50 एकड़ भूमि पर एक निजी औद्याेगिक पार्क को विकसित किया जा रहा है। जिसमें 100 इकाइयां स्थापित होंगी, जिनमें से 75 इकाइयां सिर्फ काष्ठ हस्तशिल्प उत्पाद बनाने वाली होंगी।
विज्ञापन
इस औद्योगिक पार्क में स्थापित होने वाली काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों के निर्माण करने वाली इकाइयों को इसके पास 10 करोड़ रुपये की लागत से बने सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) में मिलने वाली आधुनिक सुविधाओं का लाभ होगा। इस सीएफसी में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने के लिए उद्यमियों को सिर्फ यूजर चार्ज ही देना होगा। जिससे उत्पादों की गुणवत्ता सुधरने के साथ ही उनकी लागत में भी कमी आएगी।
विज्ञापन
इस सुविधा केंद्र में हाईटेक मशीनें, बॉयलर प्लांट, सीजनिंग प्लांट, डिजाइनिंग सेंटर, लैब आदि सुविधाएं उपलब्ध होेंगी। इसके अलावा यहां पर ही 50 करोड़ रुपये की लागत से एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का डिजाइनिंग एवं ट्रेनिंग सेंटर बनाया जाना भी प्रस्तावित है। इस सेंटर में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और प्रादेशिक पुरस्कार प्राप्त मास्टर ट्रेनर कारीगरों को प्रशिक्षण देंगे। साथ ही काष्ठ हस्तशिल्प उत्पादों के प्रदर्शन के लिए शोरूम भी बनाए जाएंगे।
चल रही शिलान्यास कराने की तैयारी
इसी सप्ताह ही इस निजी औद्योगिक पार्क के शिलान्यास कराने की तैयारी चल रही है। इस पार्क को विकसित करने के लिए सरकार ने 21.28 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की है। इस धनराशि से इस औद्योगिक पार्क में बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें से 10.44 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री ने 24 मई को लखनऊ में औद्योगिक पार्क के निदेशकों को सौंपा है। - परविन्दर सिंह, निर्यातक एवं निदेशक सहारनपुर हैंडीक्राफ्ट डवलपमेंट सेंटर