सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ पदाधिकारियों ने महापौर संजीव वालिया से मिलकर विद्यालयों से टैक्स माफ कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने मांग पूरी न होने पर 11 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी दी।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक ने कहा कि हिंदी माध्यम के निजी स्कूल दो साल से बंद हैं। अभिभावकों द्वारा फीस जमा नहीं करने से विद्यालय संचालक कंगाल हो चुके हैं। शिक्षकों को वेतन तक नहीं दिया जा रहा है। इसके बावजूद नगर निगम स्कूलों पर हाउस टैक्स, सीवर टैक्स और वाटर टैक्स लगा रहा है। यह विद्यालय संचालकों के साथ अन्याय है। महापौर से संघ पदाधिकारियों ने टैक्स माफ करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार ने 16 अगस्त से विद्यालय खोलने को कहा है। ऐसे में विद्यालयों के आसपास सफाई और सेनिटाइजेशन कराने की जिम्मेदारी निगम को लेनी चाहिए। चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह 11 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। महापौर को ज्ञापन देने वालों में महिला शिक्षक अध्यक्ष समरीन फात्मा, जिलाध्यक्ष केपी सिंह, महानगर अध्यक्ष खदीजा बेगम, प्रवीन गुप्ता, हंस कुमार, बिरमपाल, गोपाल प्रधान, रेखा चौधरी, मनोज मलिक, बुरहान अली आदि शामिल रहे।