यूपी जोड़ो यात्रा: कांग्रेस ने बजाया चुनावी बिगुल, कार्यकर्ताओं में दिखा जोश, सेल्फी को लेकर हुई धक्की-मुक्की
Congress UP Jodo Yatra : यात्रा के दौरान राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी और पूनम पंडित सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं को आकर्षित करते हुए नजर आए। अधिकतर लोग उनके साथ सेल्फी एवं फोटो खिंचवाने के लिए आतुर दिखाई दिए। फोटो खिंचवाने और सेल्फी को लेकर कई बार धक्का मुक्की भी हुई।
विस्तार
कांग्रेस ने प्रदेश की विधानसभा सीट नंबर एक बेहट क्षेत्र में मां शाकंभरी देवी का आशीर्वाद लेकर लोकसभा चुनाव का बिगुल बजा दिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मां शाकंभरी देवी दर्शन किए। इनके साथ कई शीर्ष नेताओं ने भी पूजा-अर्चना की। इसके बाद गंगोह से यूपी जोड़ो यात्रा की शुरुआत कर दी।
बुधवार की दोपहर सवा 12 बजे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस नेताओं के साथ बाबा भूरा देव मंदिर पहुंचकर हाजिरी लगाई। उन्होंने कहा कि वह यात्रा के जरिए भाजपा सरकार से दुखी किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा, महिलाओं के दर्द को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। शाम के समय गंगोह नगर में यात्रा निकालने के बाद वह हजरत कुतब-ए-आलम की दरगाह पर पहुंचे, जहां पर उन्होंने चादर चढ़ाई और देश के लिए अमन शांति के लिए दुआ मांगी।
यात्रा में कांग्रेसियों ने दिखाया दम
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गंगोह के मोहल्ला कुरैशियान चौक से यूपी जोड़ो यात्रा के पहले कार्यक्रम की शुरुआत की। यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और लोग शामिल हुए। यात्रा का तीतरो बाइपास, गुलाम औलिया, गणेश चौक, बाइपास चौराहे, पूरणमल डिग्री कॉलेज के पास, गणेश शंकर विद्यार्थी चौक, सहारनपुर बस स्टैंड सहित कई जगहों पर स्वागत हुआ। क्षेत्र में भ्रमण करने के बाद पदयात्रा गणेश शंकर विद्यार्थी तिराहे पर पहुंची। यात्रा का संचालन पूर्व विधायक इमरान मसूद व नोमान मसूद ने किया।
कार्यकर्ताओं में दिखा जोश, फूल-मालाओं से किया स्वागत
मां शाकंभरी देवी मंदिर से लौटते समय बेहट में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके पश्चात चकराता मार्ग पर पूर्व जिलाध्यक्ष जावेद साबरी के आवास के बाहर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को माला पहनाकर अभिनंदन किया। यहां बड़ी संख्या में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय एवं स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे। यहां पर प्रदेश अध्यक्ष ने भीड़ को संबोधित किया। आह्वान किया कि इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाएगा।
कार्यक्रमों और यात्रा में यह रहे मौजूद
प्रदेश अध्यक्ष के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, तौकीर आलम, धीरज गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष शरद मिश्रा, विदित चौधरी, कांग्रेस यूथ के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर, जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, पूर्व सांसद जफर अली नकवी, पूर्व विधायक इमरान मसूद, प्रदीप माथुर, विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, पूर्व राज्यमंत्री डा. सीपी, राय, अशोक सैनी, मकसूद खान, राजन दूबे, विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, नरेंद्र सिंह, प्रदीप जैन, फिरोज आफताब, मेहरबान आलम, ओमपाल, अर्चना राठौर मौजूद रहे।
सेल्फी को लेकर हुई धक्का मुक्की
यात्रा के दौरान राज्यसभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी और पूनम पंडित सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं को आकर्षित करते हुए नजर आए। अधिकतर लोग उनके साथ सेल्फी एवं फोटो खिंचवाने के लिए आतुर दिखाई दिए। फोटो खिंचवाने और सेल्फी को लेकर कई बार धक्का मुक्की भी हुई। कुल मिलाकर यात्रा को लेकर कांग्रेसियों में उत्साह का माहौल था।
सुरक्षा व्यवस्था के नहीं दिखे इंतजाम
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कई जगहों पर स्वागत हुआ, लेकिन इन जगहों पर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम दिखाई नहीं दिए। पुलिसकर्मी नजर नहीं आए।
यह भी पढ़ें: मोहब्बत में खूनी बना प्रेमी: सोनी हत्याकांड की ऐसी कहानी, हिल गया हर किसी का दिमाग, शादी के 20 दिन बाद मर्डर
आज यह रहेगा रूट
बाईपास रोड स्थित गंगोह पब्लिक स्कूल में रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद नानौता होते हुए देवबंद पहुंचेंगी। देवबंद में 17 अलग-अलग स्थानों पर यात्रा का स्वागत होगा। रात्रि ठहराव भी देवबंद ही रहेगा। शुक्रवार सुबह मुजफ्फरनगर के पुरकाजी के लिए रवाना हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: Meerut: पति ने सुहागरात की वीडियो की वायरल, देवर ने किया दुष्कर्म, पीड़िता ने पुलिस पर भी लगाया आरोप