सहारनपुर। नगर निगम ने शहर के किशनपुरा क्षेत्र में विशेष सफाई एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। दुकानदारों को कूड़ा नालियों व सड़कों पर न डालकर निगम की गाड़ी या रेहड़े में ही डालने की हिदायत दी गई।
बृहस्पतिवार सुबह शहर के वार्ड नंबर 23 किशनपुरा क्षेत्र में नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चला। इस दौरान भगत सिंह मार्ग, प्रताप मार्केट, नेहरु मार्केट व किशनपुरा बाजार तथा गलियों में अभियान चलाते हुए सफाई के अतिरिक्त सैनिटाइजेशन, चूना व एंटी लार्वा आदि का भी छिड़काव किया गया। सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, सहायक नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुणाल जैन, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर आदि अधिकारियों तथा क्षेत्रीय पार्षद मुकेश गक्खड़ के साथ आगे-आगे चल रहे थे और पीछे-पीछे सफाई कर्मचारी सफाई व कूड़ा उठान के साथ चूना, एंटी लार्वा व सैनिटाइजर का छिड़काव करते रहे। किशनपुरा में राधा कुंज मॉर्निंग क्लब के प्रधान भगीरथ सेठी, मुरली खन्ना, प्रवीण आहुजा, अमन तनेजा, प्रेम अरोरा, विनोद चुघ, मुकेश ग्रोवर, सरदार हरजीत सिंह, हैदर व सिब्ते रजी आदि ने नगरायुक्त को शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया।