PM Modi Rally: प्रधानमंत्री के साथ मंच रहेंगे चौधरी जयंत, रैली को लेकर रहेगा रूट डायवर्ट, तैयारी में जुटे अफसर
PM Modi Rally Update : सहारनपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में चौधरी जयंत भी शामिल होंगे। मेरठ के बाद अब सहारनपुर में भी जयंत मंच पर पीएम मोदी के साथ रहेंगे। वहीं, पीएम की रैली को लेकर अधिकारी तैयारी में जुटे हैं।
विस्तार
2019 के चुनाव में सहारनपुर लोकसभा सीट पर हार का सामना कर चुकी भाजपा इस बार कोई चूक नहीं छोड़ना चाहती। सियासत के मैदान को फतेह करने के लिए यह सीट भाजपा के लिए चुनौती बनी हुई है। यही वजह है कि पिछले 10 दिनों में भाजपा के स्टार प्रचारकों की सहारनपुर में लाइन लगी हुई है, जबकि विपक्ष अभी खामोश नजर आ रहा है। विपक्ष की तरफ से अभी तक कोई भी स्टार प्रचारक जिले में नहीं आया है।
भाजपा की बात करें तो 27 मार्च को उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, 28 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और 31 मार्च को देवबंद में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चुनावी आगाज कर चुके हैं। इसके अलावा जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी पिछले कई दिनों से जिले में सक्रिय हैं। शनिवार को राधा स्वामी सत्संग व्यास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। जिस तरीके से भाजपा के एक के बाद एक स्टार प्रचार जिले में आ रहे हैं उससे वह चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि, बताया जा रहा है कि बसपा की तरफ से 14 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती जिले में आएंगी, जबकि सपा और कांग्रेस की तरफ से अभी तक किसी स्टार प्रचारक का जिले में कोई कार्यक्रम नहीं आया है।
रैली को लेकर रहेगा रूट डायवर्ट
रैली को लेकर सुबह छह बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगा। सहारनपुर-दिल्ली रोड और हसनपुर चौक से चुनहैटी बाईपास तक रैली में जाने वाले वाहनों के अलावा अन्य वाहनों पर रोक रहेगी। इस मार्ग पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी, रैली में जाने वाले जनप्रतिनिधि, नेता और कार्यकर्ता ही जा सकेंगे। सहारनपुर से शामली व दिल्ली जाने वाले वाहन हसनपुर चौक से सर्किट हाऊस रोड और कुम्हारहेड़ा बाईपास कट से जाएंगे। शामली व दिल्ली से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से आएंगे। सहारनपुर शहर की तरफ आने वाले वाहन चुनहैटी बाईपास से लाखनौर-कुम्हारहेड़ा होकर जाएंगे। शहर के विश्वकर्मा तिराहे और जिला अस्पताल चौक की तरफ से शामली व दिल्ली जाने वाले वाहन पेपर मिल रोड, लाखनौर बाईपास कट से होकर जाएंगे।
मानकमऊ से संचालित होंगी बसें
छह अप्रैल को दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी से संचालित होने वाली बसें मानकमऊ बस अड्डे से चलेंगी। इसको लेकर परिवहन निगम के अधिकारियों ने निर्देश जारी किए हैं। कहीं पर जाम न लगे, इसको लेकर यातायात पुलिस से भी वार्ता की।
जयंत चौधरी का कार्यक्रम बदला, पीएम के साथ होंगे मंच पर
सहारनपुर में सरसावा के गदरहेड़ी गांव में सात अप्रैल को होने वाला चौधरी जयंत सिंह का कार्यक्रम का शेड्यूल बदल गया है। अब वह सात की बजाय छह अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election: पिछलों चुनावों में कैसा रहा गठबंधन का हाल? पश्चिम की सीटों के आंकड़ों पर डालें नजर
बृहस्पतिवार को हकीकत नगर स्थित कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि जयंत चौधरी को गदरहेड़ी में किसान मजदूर रैली को संबोधित करना था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: सपा ने मेरठ सीट पर अब सुनीता वर्मा को दिया मौका; अतुल प्रधान ने दी पार्टी को चेतावनी, फिर बैकफुट पर आए