बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शुक्रवार की शाम कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर पांच साल का बच्चा भी था जिसे मामूली चोट आई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराते हुए मृतका का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हादसा शुक्रवार की शाम चार बजे मनोहरपुर कट के पास हुआ। विनोद पुत्र साधुराम और राजपाल पुत्र नानू निवासीगण टांडा मान सिंह अपनी रिश्तेदार किरण पत्नी राकेश निवासी तोता टांडा के साथ बिहारीगढ़ की तरफ आ रहे थे। जैसे ही ये बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में दून हाईवे पर मनोहरपुर कट के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किरण (58) बाइक से उछल कर सड़क पर जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दोनो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। महिला की गोद में मौजूद पांच साल का बच्चा सड़क से दूर कच्ची जमीन पर गिरा जिससे वह मामूली रुप से ही चोटिल हुआ। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनो घायलों और छोटे बच्चें को फतेहपुर सीएचसी भर्ती कराया। जहां से दोनो को जिला अस्पताल भेज दिया गया। महिला के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक को कार सहित पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।