अमर उजाला अभियान स्वास्थ्य: कोरोना से भयावह हालात के मद्देनजर सहारनपुर में किशोर बच्चों ने लगवाया कोरोना रोधी टीका
सहारनपुर जनपद में किशोर बच्चों ने लगवाया कोरोना रोधी टीका 15 से 17 आयु वर्ग के किशोरों का कोविड टीकाकरण तीन जनवरी 2022 से चल रहा है यही वजह है कि जिले में अभी तक 1,99,799 किशोर वैक्सीन की पहली खुराक ले चुके हैं।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में 15 से 17 आयु वर्ग के किशोरों का कोविड टीकाकरण तीन जनवरी 2022 से चल रहा है। लक्ष्य की तुलना में अभी तक जिले में 82.2 फीसदी किशोर पहली खुराक ले चुके हैं, जबकि दूसरी खुराक लेने वाले किशोरों की संख्या 42.3 फीसदी है। कोरोना का खतरा कम होने के साथ ही टीकाकरण की गति धीमी पड़ी है।
जिले में 15 से 17 आयु वर्ग के 2,43,177 किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य है। तीन जनवरी को टीकाकरण शुरू हुआ तो कोरोना की तीसरी लहर थी। ऐसे में किशोरों ने टीकाकरण को लेकर उत्साह दिखाया था। किशोर अपने माता-पिता के साथ टीका लगवाने पहुंचे थे।
यही वजह है कि जिले में अभी तक 1,99,799 किशोर वैक्सीन की पहली खुराक ले चुके हैं, जो 82.2 फीसदी है। लेकिन तीसरी लहर खत्म होने के साथ ही टीकाकरण की गति धीमी पड़ गई है। अभी तक 1,00236 किशोर ही दूसरी खुराक ले सके हैं। जिनका 43.3 प्रतिशत है। हालांकि कोरोना के प्रति गंभीर किशोर टीका लगवा रहे हैं। अमर उजाला ने टीकाकरण केंद्रों पर ऐसे ही किशोरों से बात करके उनकी राय जानने का प्रयास किया।
कोरोना से हुए नुकसान के चलते लगवाया टीका
17 वर्षीय चिराग एसबीडी जिला अस्पताल में बने टीकाकरण केंद्र पर वैक्सीन की दूसरी खुराक लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उसने कोरोना की दूसरी लहर में बिगड़े हालातों को देखा है। ऐसे में खुद की जिंदगी की सुरक्षा के लिए टीका लगवाया है। अब वह अन्य साथियों को भी प्रेरित कर रहे हैं।
माता-पिता ने प्रेरित किया
साहिल शर्मा न्यू माधोनगर में रहते हैं, उन्होंने वैक्सीन की पहली खुराक लगवा ली है। एसबीडी जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर मिले साहिल ने बताया कि उनके माता-पिता ने टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया है। इसलिए उन्होंने टीका लगवाया है। समय आने पर दूसरी खुराक भी लेंगे।
जिंदगी बचाने के लिए जरूरी है टीका
हकीकतनगर निवासी अनंत कपिल ने बताया कि कोविड टीकाकरण की वजह से ही तीसरी लहर में कोरोना ज्यादा नुकसान नहीं कर सका है। माता-पिता के अतिरिक्त स्कूल की ओर से भी टीका लगवाने के लिए कहा जा रहा था। ऐसे में उन्होंने टीका लगवाया है। परिवार के सदस्य भी टीका लगवा चुके हैं।
सभी को फायदा उठाना चाहिए
बृजेश नगर निवासी राघव भारद्वाज ने बताया कि सरकार मुफ्त में टीका लगा रही है। ऐसे में सभी को फायदा उठाना चाहिए। क्योंकि टीका लगवाकर हम केवल खुद को सुरक्षित नहीं करते हैं, बल्कि अपने साथ और आसपास रहने वालों को भी सुरक्षित करते हैं।
कैंप लगवाकर सभी को लगवाया टीका
महानगर के आशा मॉडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. दिव्य जैन ने बताया कि जब से किशोरों के लिए टीकाकरण शुरू हुआ। उन्होंने प्रशासन और विभाग से संपर्क कर स्कूल में शिविर लगवाया था। शिविर निरंतर जारी है। यहां केवल छात्र ही नहीं, बल्कि आसपास के किशोर भी टीका लगवा रहे हैं। परिणामस्वरूप स्कूल के करीब 99 फीसदी छात्र-छात्राएं टीका लगवा चुके हैं।
अभिभावकों को साथ लेकर कराया टीकाकरण
दिल्ली रोड स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य राजीव शुक्ला ने बताया कि स्कूल के छात्र और छात्राओं के टीकाकरण के लिए स्कूल ने पहले संज्ञान में लिया था। इसके बाद सभी करीब 550 विद्यार्थियों को वैक्सीन की दोनों खुराक दिलवा दी गई हैं। इसके लिए स्कूल में ही शिविर लगवाया गया।