हाईवे चौड़ीकरण के लिए तोड़फोड़ में लगाया भेदभाव का आरोप
रामपुर मनिहारान। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर सड़क किनारे बसे दुकानदार अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन व तहसीलदार से मिले। उन्होंने कहा कि हाईवे बनाने के लिए की जा रही तोड़फोड़ में भेदभाव बरती जा रही है।
शुक्रवार को इन परिवारों के साथ तहसील पहुंचे पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने अफसरों से कहा कि हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को चाहिए कि वह एक बार सड़क के दोनों ओर भूमि को चिन्हित कर लें। बार-बार निशानदेही किए जाने की वजह से दुकानदार असमंजस में हैं। मसूद ने कहा कि सड़क किनारे दोनों ओर बराबर भूमि ली जाए। अधिकृत की जाने वाली भूमि को लेकर भेदभाव पूर्ण नीति न अपनाई जाए। तहसीलदार नितिन कुमार राजपूत ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी हाईवे अधिकारियों के साथ बैठक चल रही है। सभी दुकादारों की मांग को ध्यान में रखकर कार्य किया जाएगा। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि विवेकान्त सिंह, आबिद हसन, आफताब लाला, खलील अहमद आदि रहे।