Aganiveer: युवाओं में दिखा उत्साह, देशभक्ति का जज्बा, 13 जनपदों के युवा 10 दिन दिखाएंगे दमखम
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आठ अगस्त से 26 अगस्त तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इसमें 13 जनपदों के युवा अपना दमखम दिखाएंगे। प्रतिदिन एक हजार अभ्यर्थी रैली में शामिल होंगे।
विस्तार
अग्निवीर सेना भर्ती प्रक्रिया में युवाओं में सेना में भर्ती होने को भारी उत्साह नजर आया। देशभक्ति के जज्बे के साथ युवाओं ने दौड़ व अन्य प्रक्रिया में भाग लिया। लेकिन जो दौड़ समय रहते पूरी नहीं कर पाए, वह हिम्मत नहीं हारे हैं। उनका कहना है कि दोबारा तैयारी करके लिए अपने सपने को पूरा करेंगे।
जनपद शामली के कमालपुरा निवासी विशाल भाटी ने सेना भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। वह दौड़ में पास नहीं हो पाए, लेकिन सेना भर्ती होने का उनका जुनून कम नहीं हुआ है। वह कहते हैं कि अगली बार वह अपने सपने को जरूर पूरा करेंगे।
इसी तरह जनपद रामपुर के विष्णु सिंह का कहना है कि बचपन से उनका सपना सेना भर्ती होने का रहा है। अग्निवीर सेना भर्ती की परीक्षा वह पास कर चुके हैं। अब दौड़ अन्य प्रक्रियाओं में भाग लिया है और दस्तावेज जमा कराए हैं। दस्तावेज चेक होने के बाद और मेडिकल के बाद स्थिति का सही पता लगेगा। उन्होंने पूरी तैयारी के साथ हर प्रक्रिया में मेहनत के साथ भाग लिया है। देश की सेवा करने का मौका वह कभी खोने नहीं देंगे।
यह भी पढ़ें: Meerut News: किसान खुद विकसित करेंगे टाउनशिप, मेडा बनेगा पार्टनर
जनपद रामपुर निवासी प्रदीप कुमार भी देश सेवा का जज्बा लेकर भर्ती प्रक्रिया में दौड़ लगाई। प्रदीप कुमार भी परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करके आए थे। इनको सेना में भर्ती होने का जुनून है। वह बताते हैं कि रोजाना सुबह चार बजे उठकर तैयारी करते हैं। सेना भर्ती होने की अपनी इच्छा को पूरी करके रहेंगे।
जनपद शामली निवासी देवेंद्र ने बताया कि सेना भर्ती होने की प्रक्रिया जटिल है, लेकिन उन्होंने हर प्रक्रिया पास की है। अब दस्तावेज जमा कराए हैं और फिर मेडिकल होगा। उन्हें उम्मीद है कि उनका सेलेक्शन जरूर हो जाएगा और वह देश की सेवा करेंगे।
यह भी पढ़ें: Alert: मेरठ में दो साल बाद फिर से स्वाइन फ्लू की दस्तक, महिला मरीज में हुई संक्रामक रोग की पुष्टि
डाॅ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में सेना भर्ती प्रक्रिया सुबह छह बजे शुरू होती है। सबसे पहले दौड़, जिसमें पास होने वाले युवा लंबी कूद, जिकजैक, बीम की प्रक्रिया से गुजरेंगे। इन सभी प्रक्रिया को पास करने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज जमा कराए जाएंगे। दोनों जिलों के कुल एक हजार युवा भाग लेंगे। यह वह युवा हैं, जो पिछले दिनों लिखित परीक्षा में पास हुए थे।
मंगलवार को सेना ने स्टेडियम के अंदर और बाहर की कमान संभाल ली। बैरिकेडिंग लगाकर स्टेडियम के आसपास के रास्तों को बंद किया गया है। सिर्फ भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ही आने दिया गया। सोमवार रात को ही एक बजे उन्हें बेरीकेडिंग लगाकर बनाए अलग-अलग स्थानों पर बैठा दिया जाएगा। स्टेडियम के बाहर की सुरक्षा स्थानीय पुलिस भी संभाल रही है। सोमवार शाम से ही रामपुर और शामली के युवा सहारनपुर पहुंचना शुरू हो गए थे।
1600 मीटर में होंगे चार राउंड
स्टेडियम में बने सिथेंटिक ट्रैक पर युवा 1600 मीटर की दौड़ लगाएंगे, जो चार राउंड में पूरी होगी। दौड़ में पास होने वाले अभ्यर्थियों को अन्य प्रक्रियाओं से गुजरना होगा।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सुरक्षा कड़ी
अभ्यर्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए पुलिस ने रेलवे स्टेशन और बसों पर भी सुरक्षा के खास इंतजाम किए। खास बात यह है कि स्टेडियम से रेलवे स्टेशन कुछ ही दूरी पर है। इसी तरह एक बस अड्डा भी अग्रसेन चौक पर है, जहां शामली के अलावा अन्य जिलों के अभ्यर्थी बसों के माध्यम से पहुंच सकेंगे।
इस दिन होगी इन जिलों की भर्ती
दिनांक- जिला
08 अगस्त शामली और रामपुर
09 अगस्त मुरादाबाद और गौतमबुद्धनगर
10 अगस्त हापुड़ और गाजियाबाद
11 अगस्त बिजनौर
12 अगस्त बागपत
13 अगस्त मेरठ
16 अगस्त अमरोहा
17 अगस्त मुजफ्फरनगर
18 व 19 अगस्त बुलंदशहर
20 अगस्त सहारनपुर
भर्ती प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया है। भीड़ को देखते हुए भर्ती आने वाले युवाओं और शहरवासियों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। -डाॅ. विपिन ताडा, एसएसपी