कांग्रेस प्रत्याशी रवि किशन को खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी फिल्म अभिनेता रवि किशन की जान को खतरा है। उन्हें खाने-पीने की चीजों में जहर देने के अलावा अन्य तरीकों से भी निशाना बनाया जा सकता है।
फिल्म अभिनेता की ओर से ऐसी आशंका व्यक्त करने के बाद से प्रशासनिक खेमे में खलबली मच गई है। गृह मंत्रालय के जरिए जिला प्रशासन को पत्र मिलने के बाद अभिनेता की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
ढाई सौ से अधिक फिल्मों में काम कर चुके सिने स्टार रवि किशन को सियासत की डगर पर पांव रखते ही मुश्किलों से सामना हो गया है।
सुरक्षा एजेंसियों को किया गया सतर्क
अभिनेता के करीबी सूत्रों के हवाले से खबर है कि उन्हें जानमाल का खतरा है। फिल्म स्टार को चुनाव में उतरने के बाद धमकी मिली है। इसके बाद अभिनेता ने इससे गृह मंत्रालय को अवगत कराया। अभिनेता के पत्र को राज्य हेडक्वार्टर से मार्क कर जिला प्रशासन को भेजा गया। इसके बाद प्रशासन के आला अधिकारियों के कान खड़े हो गए। इधर प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि प्रशासन को भी अभिनेता को खतरे से जुड़े कुछ इनपुट मिले हैं।
इसके बाद फौरी तौर पर आईबी, एलआईयू और क्राइम ब्रांच समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। हालांकि अभिनेता रवि किशन ने इस संबंध में कुछ भी बोलने से इनकार किया।
जौनपुर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि अभिनेता रवि किशन की ओर से गृह मंत्रालय को भेजा गया पत्र जिला प्रशासन के पास आया है। इसमें सुरक्षा को लेकर खतरे की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की गई है। हालांकि सभी प्रत्याशियों की सुरक्षा प्रशासन ने पहले ही बढ़ा दी है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।