रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र में बैंक के बाहर खडे़ लोगों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बाद में पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। लेकिन, चालक फरार हो गया है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के चमरौआ गांव में सड़क के पास एक बैंक है। गुरुवार को बैंक के बाहर बैक में कार्य से आए लोग खड़े थे। इस दौरान रामपुर की ओर से आई एक कार ने बैंक के बाहर खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। इस बीच चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके साथ ही पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शहजादनगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि हादसे में लालूनगला गांव निवासी शंकर(35) की मौत हो गई है जबकि हादसे में चमरौआ गांव निवासी उमर, भोट थाना क्षेत्र के अहमदनगर तराना गांव निवासी सिराजुल, लालूनगला गांव निवासी रुकमन देवी और भोट थाना क्षेत्र के विडऊ गांव निवासी राशिद घायल हो गए है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पांचो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस कर्मियो ने पीछा कर कार को पकड़ लिया था। इस दौरान चालक मौके से फरार हो गया है। मामले की तहरीर नही आई है। आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।