यूपी में दो बसों की भीषण टक्कर: रामपुर में बड़ा सड़क हादसा, चार यात्रियों की मौत, 50 से अधिक घायल
रामपुर के मिलक में हाईवे पर दो बसों की टक्कर हो गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
विस्तार
मिलक कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर सोमवार को तड़के रोडवेज जनरथ एसी बस और निजी बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में रोडवेज बस चालक समेत चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। पांच बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना पर डीएम जोगिंदर सिंह, एसपी विद्यासागर मिश्र समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। निजी बस हरिद्वार से वापस श्रावस्ती वापस लौट रही थी। दोनों बसों में करीब सौ यात्री बताए गए हैं। हादसा मिलक कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित भैरो बाबा के मंदिर के पास हुआ।
सोमवार सुबह करीब 4.30 बजे हरिद्वार से श्रावस्ती जा रही निजी वोल्वो बस सामने से आ रही रोडवेज जनरथ एसी बस से टकरा गई। हाईवे पर रूट डायवर्ट की वजह से निजी बस वन-वे पर दौड़ रही थी, जबकि लखनऊ से दिल्ली जा रही रोडवेज बस सामने आ रही थी।
इस समय दोनों बसों के बीच हुई भीषण भिडंत हो गई। हादसे के बाद दोनों बसों के यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने किसी तरह बसों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए मिलक सीएचसी व जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो यात्रियों ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। डीएम व एसपी ने घायलों का हाल जाना।
हादसे में मेरठ के छुर्र निवासी रोडवेज बस के चालक कविंद्र ( 45), जनपद बरेली के थाना मीरगंज निवासी राम मनोहर व जनपद श्रावस्ती के सुजानडीह निवासी हरिराम व जगदीश की मौत हो गई। पुलिस ने सभी मृतकों का पंचनामा भर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरिद्वार से गुरुपूर्णिमा कार्यक्रम से लौट रहे वोल्वो यात्री
पुलिस के अनुसार निजी वोल्वो बस संख्या यूपी 32 एमएन 8147 से श्रावस्ती के 54 यात्री गुरुपूर्णिमा के अवसर पर बीती 18 जुलाई को हरिद्वार स्थित शांति कुंज गए थे। रविवार की रात सभी शांतिकुंज से वापिस घर के लिए रवाना हुए थे।
रोडवेज की साहिबावाद डिपो की जनरथ एसी बस संख्या यूपी70 बीटी 0592 लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। डीएम जोगिंदर सिंह ने बताया कि तड़के निजी बस और रोडवेज बस के बीच भिड़ंत हो गई थी। हादसे में घायलों का बेहतर उपचार कराया जा रहा है। हादसे की जांच कराई जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.