Rampur encounter: टांडा में पशु तस्करों की पुलिस से मुठभेड़, तीन आरोपियों के पैर में लगी गोली, दरोगा भी जख्मी
एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसमें एक दरोगा जख्मी हो गया। जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैर पर गोली लगी है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
रामपुर के टांडा में पुलिस व पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें तीन आरोपी पुलिस की गोली लगने से जख्मी हो गए। सभी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेज दिया गया है। घटना के दौरान एक दरोगा को भी चोटें आई है। पुलिस को मौके से तीन तमंचे, एक गोवंशीय पशु और कार बरामद की हैं।
शनिवार सुबह पुलिस को पता चला कि ईद की बगिया इलाके में तस्करों ने एक गोवंशीय पशु को क्रूरतापूर्वक बांधा है। वह पशु को वाहन में ले जाकर उसका वध करने के प्रयास में हैं। इसके बाद एसओजी प्रभारी अजय पाल सिंह और प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह पचौरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को आत्मसमर्पण करने को कहा।
आरोप है कि चेतावनी देने पर पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन पशु तस्करों के पैरों में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गए। फायरिंग में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार को भी चोट आई है। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार व तीनों आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पशु तस्करों के पास से पुलिस ने तीन तमंचे, तीन कारतूस, पांच खोखे, एक बछड़ा तथा फर्जी नंबर प्लेट लिखी महिंद्रा कार बरामद की है।
गिरफ्तार पशु तस्करों में अलीम कुरैशी निवासी गांव अलीनगर जागीर थाना स्वार, अजीम कुरैशी निवासी गांव अलीनगर थाना स्वार तथा फहीम कुरैशी निवासी अलीनगर जागीर थाना स्वार की रूप में पहचान हुई है। सभी के ऊपर कई थानों में केस दर्ज हैं।
पुलिस टीम में यह रहे कर्मचारी
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी सुरेन्द्र सिंह पचौरी, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, हैड कांस्टेबल योगेन्द्रपाल सिंह, राजेन्द्र सिंह, सोहित, मनवीर सिंह, सोहित कुमार, एसओजी टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक अजयपाल सिंह, हैड कांस्टेबल सरफराज, दीपक आदि मौजूद रहे।
पुलिस को सूचना मिली थी जिसके आधार पर गो तस्करों को रोका गया था। पुलिस को देख गो तस्करों ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। तीन गोतस्करों को गोली लगी है जिनका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। - राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक