भोट (रामपुर)। कृृषि कानूनों के विरोध में कोयला टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने दसवें दिन रविवार को भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन भी किया।
नैनीताल हाईवे में कोयला टोल प्लाजा पर चल रहे भाकियू के अनिश्चितकालीन धरने के दसवें दिन गाजीपुर स्थित धरने से लौटे जिलाध्यक्ष हसीब अहमद ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा को जिताने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। इसलिए, हमें सरकारी मशीनरी की हर हरकत पर कड़ी नजर रखनी होगी। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई। कहा कि छह माह से भी अधिक समय से पूरे देश के किसान दिल्ली की सीमाओं में बैठकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन देश की सरकार को किसानों की चिंता ही नहीं है। देश के किसान तीनों कृषि विरोधी कानूनों को वापस कराकर ही दम लेंगे और जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। कहा कि पुलिस और प्रशासन अपनी ताकत के बल पर किसानों के जनादेश को खंडित करना चाहता है। नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा सकता है, इसलिए पुलिस और प्रशासन की हर हरकत पर नजर रखनी होगी। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों को भाजपा सरकार की गलत नीतियों से अवगत कराएं। इस अवसर फैसल रजा, मोहम्मद तालिब, इरफान हसन, सरदार सतपाल सिंह, जगजीत सिंह, मोहित सिद्धू, मालूक सिंह, मुस्तफा, रामगोपाल, साबिर अली, राम अवतार, नवी हसन, अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।