धमोरा। शहजादनगर थाना क्षेत्र में घने कोहरे के कारण एक निजी बस आगे चल रही रोडवेज बस से टकरा गई। हादसे में निजी बस में सवार 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
हरदोई से एक रोडवेज बस दिल्ली जा रही थी। रविवार देर रात को शहजादनगर थाना क्षेत्र में उदयराज की मडैया गांव के निकट बने ओवरब्रिज के पास हाईवे पर पीछे से गोंडा से दिल्ली जा रही एक निजी बस ने रोडवेज बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे में निजी बस में सवार शाहजहांपुर जिले के पैना गांव निवासी श्यामू, रुचि, नैंसी, दिल्ली के उत्तमनगर निवासी प्रेमा देवी, हरदोई जिले के बड़ा माझी गांव निवासी राजेश, हरदोई जिले के कटरा निवासी विनोद, शाहजहांपुर के पटवा गांव निवासी विपिन, कोतवाली निवासी गुलफाम और रहमान, रामपुर जिले के सोनकपुर गांव निवासी फैजान घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस जाम खुलवाकर हालात सामान्य कर पाई।