खाकी पर हमला: रामपुर में पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ी, ग्रामीणों ने दाैड़ाकर पीटा, सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़
रामपुर के मिलक में रात के समय पहुंचे पुलिसकर्मियों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसमें तीन कर्मी जख्मी हो गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने सरकारी गाड़ी को भी तोड़ दिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाली गलौज की सूचना मिलने पर गांव पहुंचे पुलिस वालों को ग्रामीणों ने बुरी तरह पीट दिया। सिपाहियों की वर्दी फाड़कर उनकी गाड़ी भी तोड़ दी। पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकौंदा का मझरा नरसिंहपुर की है।
सोमवार रात गांव निवासी रामपाल ने 112 डायल पर सूचना दी कि क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया भाट का शिवम अपने नाना के घर ग्राम नरसिंहपुर में रहता है। वह उनकी पत्नी से गलत बात करता है। उसने विरोध किया तो उसके साथ गाली गलौज की। सूचना पर पहुंचे पीआरबी के सिपाहियों ने पीड़ित से जानकारी ली।
इसके बाद वह दूसरे पक्ष के पास जानकारी लेने के लिए पहुंचे तो वहां पर कुछ लोग इकट्ठा हो गए और पूछताछ करने पर पुलिस वालों से बदतमीजी करने लगे। लाठी डंडों से उनकी पिटाई कर दी। सिपाही पुष्पेंद्र सिंह ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि बदतमीजी कर रहे लोगों की उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी, जिस पर सभी उग्र हो गए।
एक आरोपी ने उनके पैर में डंडा मारा और उनके साथी मयंक राज को पीछे से जान से मारने की नीयत से लाठी से हमला कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। होमगार्ड चालक रणजीत सिंह के हाथ पर लाठी मारी, जिससे उसकी उंगलियां फट गईं। जान से मारने की धमकी देते हुए वर्दी भी फाड़ दी।
वह जान बचाकर भागने लगे तो आरोपियों ने ईट पत्थर मारकर सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए। तहरीर में गांव निवासी परविंदर, अरविंद, रंजीत, मुकेश, वीर सिंह, ओमवती, राजवती निवासी नरसिंहपुर और शिवम निवासी ग्राम गुलड़िया भाट को नामजद करते हुए सात अन्य हमलावर भी बताए हैं।
कोतवाली पुलिस ने तीनों घायलों का मेडिकल कराकर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने रंजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया कि दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पीआरबी के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की और सरकारी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।