रामपुर। राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश की ओर से जिले की समस्त ग्राम पंचायतों के सदस्य और प्रधान, समस्त क्षेत्र पंचायतों के सदस्यों तथा समस्त जिला पंचायतों के सदस्यों के निर्वाचन कराए जाने की समय सारणी की घोषणा की गई है, जिसके अंतर्गत 15 अप्रैल को मतदान की प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी। मतदान को संपन्न कराने के लिए मतदान दलों की रवानगी 14 अप्रैल को होगी।
जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान स्थलों के लिए जनपद के समस्त विकास खंडों में स्थित विद्यालयों और भवनों का 14 अप्रैल से 15 अप्रैल की सायं तक की अवधि के लिए राजकीय कार्यहित में अधिग्रहण किया जाता है। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी, स्ट्रांग रूम का निर्माण तथा मतगणना की कार्यवाही सम्पन्न कराने के लिए मंडी समिति रामपुर, मंडी समिति शाहबाद, मंडी समिति बिलासपुर, मंडी समिति मिलक तथा सेंट फ्रांसिस जूनियर हाईस्कूल, धनौरा-स्वार का 13 अप्रैल से मतगणना समाप्ति तक की अवधि के लिए राजकीय कार्यहित में अधिग्रहण किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिले में व्यवस्थापित पुलिस बल में से गैर जनपद से आने वाले पुलिस बल, पीएसी, होमगार्डस को ठहराए जाने के लिए जनपद के 84 स्कूल, कॉलेज का 12 अप्रैल से 15 अप्रैल तक की अवधि के लिए भी राजकीय कार्यहित में अधिग्रहण किया गया है।