रामपुर/मिलक। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के अंतर्गत जिले में जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने जिला पंचायत कार्यालय परिसर, विकास खंड चमरौआ कार्यालय परिसर एवं विकास खंड मिलक में हो रही नामांकन प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, डाटा फीडिंग की स्थिति, काउंटरों की संख्या, रिटर्निंग ऑफीसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफीसर सहित नामांकन प्रक्रिया में लगाए गए अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति, पेयजल की उपलब्धता आदि के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइड लाइन का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत सामाजिक दूरी एवं मास्क की अनिवार्यता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। वहीं, मिलक के जूनियर हाई स्कूल में पंचायत चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को लेकर नामांकन स्थल का डीएम रविंद्र कुमार मांदड और एसपी शुगन गौतम ने स्थलीय जायजा लिया। संवाद