रामपुर। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने भी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत नामांकन प्रक्रिया कलक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में होगी। नामांकन 26 जून को होंगे, जबकि तीन जुलाई को मतदान होगा। मतगणना भी इसी दिन होगी।
पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होगा। लंबे समय से लग रहीं अटकलों के बाद मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने भी अधिसूचना जारी कर दी। इसके तहत 26 जून से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 26 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन होंगे, जबकि दोपहर तीन बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 29 जून को उम्मीदवारी वापसी होगी। सुबह ग्यारह बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी का समय है। इसके बाद तीन जुलाई को मतदान होगा। मतदान सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर को तीन बजे तक होगा। मतगणना भी इसी दिन होगी। इसके लिए दोपहर तीन बजे से लेकर कार्य समाप्ति तक का समय रखा गया है। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामभरत तिवारी व जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एसके शर्मा को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि नामांकन से लेकर नाम वापसी तक की सभी प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में होगी। वहीं, डीएम ने अधिकारियों को चुनाव की तैयारियों को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।